शत्रुजीत कपूर संभालेंगे विजिलेंस ब्यूरो, विकास अरोड़ा फरीदाबाद के नए CP, हरियाणा में 9 IPS का तबादला

हरियाणा सरकार ने नौ वरिष्ठ आइपीएस अफसरों का तबादला किया है। शत्रुजीत कपूर विजिलेंस का जिम्मा संभालेंगे जबकि विकास अरोड़ा फरीदाबाद के नए सीपी होंगे। इसके साथ ही सात नए आइपीएस अफसरों को भी नियुक्ति दी गई है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 02 Sep 2021 08:43 PM (IST) Updated:Fri, 03 Sep 2021 08:10 AM (IST)
शत्रुजीत कपूर संभालेंगे विजिलेंस ब्यूरो, विकास अरोड़ा फरीदाबाद के नए CP, हरियाणा में 9 IPS का तबादला
हरियाणा में नौ वरिष्ठ आइपीएस का तबादला।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के पुलिस महानिदेशक पद पर पीके अग्रवाल की नियुक्ति के बाद प्रदेश सरकार ने सीनियर आइपीएस अधिकारियों के तबादलों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। प्रदेश सरकार ने 1990 बैच के आइपीएस अधिकारी शत्रुजीत कपूर को वापस पुलिस सेवा में भेज दिया है। सरकार ने उन्हें स्टेट विजिलेंस ब्यूरो का डायरेक्टर जनरल बनाया है। सीआइडी प्रमुख रह चुके कपूर अभी तक परिवहन विभाग में प्रधान सचिव के पद पर सेवाएं दे रहे थे।

बिजली विभाग के चेयरमैन के पदों पर भी कपूर की सेवाएं रहीं। हरियाणा सरकार ने जब आइएएस के पदों पर आइपीएस अफसर के रूप में शत्रुजीत कपूर की सेवाएं ली थी, तब अफसरशाही में खासा बवाल मचा था। प्रदेश सरकार ने कपूर को स्टेट विजिलेंस के डीजी की जिम्मेदारी देकर भ्रष्टाचारियों के विरुद्ध अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार रात को 16 आइपीएस अधिकारियों के तबादलों की पहली सूची जारी की। उम्मीद की जा रही थी कि कई जिलों के एसपी बदले जाएंगे, लेकिन पहली लिस्ट में डीजी, एडीजीपी और आइजी स्तर के अधिकारियों के ही तबादले किए गए हैं।

सात आइपीएस अधिकारी ऐसे हैं, जो नए हैं। प्रदेश सरकार ने उन्हें खाली पदों पर एएसपी नियुक्त किया है। पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल को हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन के तौर पर अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। पुलिस विभाग से जुड़े सभी निर्माण कार्यों को पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन ही मंजूरी प्रदान करती है। इस कारपोरेशन का काफी मोटा बजट होता है।

डीजीपी क्राइम (मुख्यालय) मोहम्मद अकील को प्रदेश सरकार ने जेल महानिदेशक नियुक्त किया है। प्रदेश सरकार ने फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह को बदल दिया है। आइपीएस अधिकारी भारती अरोड़ा के पति 1998 बैच के सीनियर आइपीएस अधिकारी विकास अरोड़ा को फरीदाबाद का पुलिस आयुक्त लगाया गया है। विकास अरोड़ा अभी तक आइजी साउथ रेंज रेवाड़ी के पद पर कार्यरत थे।

हरियाणा सरकार ने 1992 बैच के आइपीएस ओपी सिंह को एडीजीपी क्राइम (मुख्यालय) पंचकूला बनाकर स्टेट क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के डायरेक्टर का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। पुलिस कांप्लेक्स भोंडसी (गुरुग्राम) के डीजी देसराज सिंह को होमगार्ड व सिविल डिफेंस का कमांडेंट जनरल नियुक्त किया है। एचएचआरसी में डायरेक्टर इनवेस्टीगेशन एम रवि किरण को प्रदेश सरकार ने आइजी साउथ रेंज रेवाड़ी नियुक्त किया है।

आइजी एचएपी मधुबन हरदीप दून को डायरेक्टर आफ इनवेस्टीगेशन (एचएचआरसी) चंडीगढ़ नियुक्त किया गया है। आइजी होमगार्ड वाई पूरण कुमार को सरकार ने आइजी एचएपी मधुबन नियुक्त किया है। सात नए आइपीएस अधिकारियों में गौरव को एएसपी असंध, सिद्वांत जैन एएसपी महेंद्रगढ़, अमित एएसपी इंद्री, हेमेंद्र कुमार मीणा एएसपी महम, कुलदीप सिंह एएसपी नरवाना, मेधा भूषण एएसपी सांपला और कुमारी हिमेंद्र कौशिक को एएसपी बादली नियुक्त किया गया है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही अन्य आइपीएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी होगी।

chat bot
आपका साथी