Coronavirus Cases in Haryana News: सिविल सचिवालय में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक

Coronavirus Haryana updates हरियाणा में बढ़ रहे कोविड केसों को देखते हुए राज्य सरकार ने और एहतिहाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। वहीं हरियाणा सिविल सचिवालय में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Mon, 26 Apr 2021 09:26 AM (IST) Updated:Mon, 26 Apr 2021 06:01 PM (IST)
Coronavirus Cases in Haryana News: सिविल सचिवालय में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक
कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण हरियाणा सिविल सचिवालय में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक।

जेएनएन, चंडीगढ़। Coronavirus Haryana Updates:  हरियाणा में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गत दिवस हरियाणा में 10, 985 लोग संक्रमण की चपेट में आ गए, जबकि 64 मरीज कोरोना से जंग हार गए। गुरुग्राम में 11, फरीदाबाद में 10, हिसार में सात, करनाल में छह, सोनीपत और अंबाला में पांच-पांच, सिरसा में चार, रेवाड़ी और पंचकूला में तीन-तीन, कुरुक्षेत्र, भिवानी, झज्जर और कैथल में दो-दो तथा जींद, फतेहाबाद में एक-एक मरीज की मौत हुई है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज पानीपत में  कोविड अस्पतालों का निरीक्षण किया।

उधर, संक्रमण से उत्पन्न हुई स्थिति को देखते हुए हरियाणा के चंडीगढ़ स्थित सेक्टर -17 के नव हरियाणा सिविल सचिवालय में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर एक सप्ताह की अवधि के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है।इस प्रतिबंध के संबंध में आज यहां हरियाणा के वित्त आयुक्त और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल ने आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत अधिकारी से चर्चा या अप्वाइमेंट के लिए मांग करने वाला कोई भी व्यक्ति वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर सकता है, जिसके लिए संबंधित अधिकारी सुविधा प्रदान कर सकते हैं।

उधर, कोरोना संक्रमण के कारण सोमवार को जिला झज्जर में तैनात डीएसपी अशोक कुमार की मौत हो गई। वह एम्स बाढ़सा में एडमिट थे। सोमवार 26 अप्रैल को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। डीएसपी अशोक कुमार के निधन के बाद से पूरे झज्जर पुलिस विभाग में शोक की लहर है। डीएसपी अशोक कुमार का जन्म 6 जून 1971 को गांव थाना खुर्द जिला सोनीपत में हुआ था। वे 18 अप्रैल 1994 को बतौर सहायक उपनिरीक्षक के तौर पर हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। 07 फरवरी 2019 को वे डीएसपी के पद पर पदोन्नत हुए थे। वे हरियाणा के कई जिलों में तैनात रहे थे। वर्तमान में वह थाना बादली तथा थाना सदर बहादुरगढ़ के पर्यवेक्षण अधिकारी के तौर पर कार्यरत थे।

हरियाणा में एक्टिव केस 74,248

हरियाणा में एक्टिव केसों की संख्या 74,248 पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में 6054 मरीज कोरोना को हराने में सफल रहे। इस दौरान गुरुग्राम में सर्वाधिक 3410, फरीदाबाद में 1560, सोनीपत में 610, हिसार में 940, अंबाला में 340, करनाल में 570, पानीपत में 491, रोहतक में 150, रेवाड़ी में 115, पंचकूला में 368, कुरुक्षेत्र में 276, यमुनानगर में 298, सिरसा में 469, महेंद्रगढ़ में 292, भिवानी में 172, झज्जर में 217, फतेहाबाद में 149 व जींद में 289 मरीज मिले हैं। केवल चार जिले ही ऐसे रहे, जहां सौ से कम मरीज मिले। पलवल में 58, कैथल में 94, नूंह में 51 और चरखी दादरी में 66 नए संक्रमित लोग सामने आए हैं।

महामारी को हराने के लिए वैक्सीनेशन का काम भी लगातार जारी है। रविवार को 35,909 लोगों ने टीकाकरण कराया। अभी तक 36 लाख 17 हजार 194 लोग टीकाकरण करा चुके हैं। कोरोना से कुल 3767 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 2490 पुरुष और 1276 महिलाएं हैं। प्रदेश में रिकवरी रेट और घटकर 81.61 व मृत्यु दर 0.89 पहुंच गई है। पाजिटिव रेट थोड़ा और बढ़ता हुआ 5.95 फीसद पर पहुंच गया है। प्रदेश में प्रत्येक 10 लाख लोगों पर दो लाख 82 हजार 614 लोगों की जांच की जा रही है।  

chat bot
आपका साथी