जिले को मिलेंगी 40 नई रोडवेज बसें

इन नई बसों के मिलने के बाद जिले में परिवहन व्यवस्था सुधरने की उम्मीद जगी है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 29 Aug 2021 06:40 PM (IST) Updated:Sun, 29 Aug 2021 06:40 PM (IST)
जिले को मिलेंगी 40 नई रोडवेज बसें
जिले को मिलेंगी 40 नई रोडवेज बसें

जागरण संवाददाता, पलवल: जिले में रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पलवल रोडवेज बस डिपो को जल्द ही 40 नई बसें मिलेंगी। बस खराब होने के कारण बसों का बेड़ा साल दर साल घटता जा रहा था, जबकि यात्रियों की संख्या बढ़ती जा रही है। इन नई बसों के मिलने के बाद जिले में परिवहन व्यवस्था सुधरने की उम्मीद जगी है। हालांकि अगले एक साल में रोडवेज डिपो में चल रही 46 बसें कंडम भी घोषित होने वाली हैं। वहीं, रोडवेज यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि जनसंख्या के अनुपात में रोडवेज बसों की संख्या अब भी काफी कम हैं। फिलहाल रोडवेज बेड़े में कम से कम 200 बसें होनी चाहिए।

155 स्वीकृत बसों में से 107 का हो रहा संचालन

पलवल रोडवेज डिपो के लिए इस समय कुल 155 बसें स्वीकृत हैं। मगर इस समय रोडवेज डिपो में कुल 107 बसों का संचालन हो रहा है। जिनमें से 15 बसें किलोमीटर स्कीम के तहत चल रही हैं। वहीं कोरोना की दूसरी लहर में मरीजों की सुविधा के लिए रोडवेज की पांच मिनी बसों को एंबुलेंस बनाया गया था, जिन्हें कोरोना का प्रकोप थमने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रोडवेज विभाग को सौंप दिया गया है। अब इन बसों में सीटों को लगाने का कार्य किया जा रहा है। इन्हें जल्द ही यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। इन 107 बसों में से अगले एक वर्ष में 46 बसें कंडम घोषित हो जाएंगी। सात बसें इसी महीने, जबकि 39 बसें अगले एक वर्ष में कंडम घोषित हो जाएंगी।

लंबे रूटों पर चलाई जाएंगी बसें

इन नई बसों को लंबे रूटों पर चलाया जाएगा। पलवल डिपो से चंडीगढ़, यमुनानगर, कैथल, हरिद्वार, जयपुर, आगरा समेत कई लंबे रूटों पर बसों का संचालन होता है। विभाग की ओर से बताया जा रहा है कि नई बसों को लंबे रूटों पर चलाया जाएगा।

पलवल डिपो के बेड़े में 40 बसें शामिल होंगी। नई रोडवेज बसों से यात्रियों का काफी फायदा मिलेगा। इन बसों के अगले कुछ महीनों में रोडवेज डिपो में पहुंचने की उम्मीद है।

- अनित यादव, रोडवेज महाप्रबंधक

यात्रियों को कोई परेशानी ना हो, इसके लिए परिवहन मंत्रालय द्वारा लगातार फैसले लिए जा रहे हैं। पूरे हरियाणा में सरकार द्वारा नई रोडवेज बसों को स्वीकृति दी गई है।

- मूलचंद शर्मा, परिवहन मंत्री

chat bot
आपका साथी