आपस में मिली हुई हैं कांग्रेस और भाजपा: अभय सिंह चौटाला
इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने रविवार को पलवल के पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया।
जागरण संवाददाता, पलवल: इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने रविवार को पलवल के पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा आपस में मिली हुई हैं और राज्यसभा के चुनाव में एक दूसरे को लाभ पहुंचाने का काम करती रही हैं। आने वाले दिनों में इनेलो पार्टी को ग्राम स्तर व बूथ स्तर पर मजबूत करने का काम किया जाएगा, जिसका असर आने वाले चुनावों में दिखाई देगा। इनेलो पार्टी भाजपा का विकल्प बनकर उभरेगी। इस दौरान उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी व इनेलो के वरिष्ठ नेता श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।
चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले चुनावों में पार्टी संगठन को मजबूत करने का असर तब देखने को मिलेगा, जब जिला परिषद, पंचायत समिति और वार्डों के चुनावों में इनेलो प्रत्याशी जीतकर आएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुरोध करते हुए कहा कि वह अपने पुराने साथियों को पार्टी से पुन: जोड़ने का काम करें, जो किसी कारणवश दूसरी पार्टियों में शामिल हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि इनेलो कार्यकर्ता गांव-गांव, शहर-शहर जाकर भाजपा-जजपा सरकार के 600 दिनों में किए गए घपले-घोटालों की पोल खोलने का काम करेंगे। भाजपा सरकार ने किसान आंदोलन को कमजोर करने के लिए ओछे हथकंडे अपनाए, लेकिन सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद भी किसान आंदोलन कमजोर नहीं हुआ और जब तक सरकार नहीं झुकेगी यह आंदोलन चलता रहेगा। कार्यकर्ता बैठक के उपरांत अभय सिंह चौटाला पार्टी के व्यापार सेल के अध्यक्ष नितिन जैन के निवास स्थान भी पहुंचे।
इस मौके पर पार्टी के लीगल सेल के प्रदेशाध्यक्ष जसवीर सिंह ढिल्लो, सह प्रभारी संपत सिंह, जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बॉबी, राहुल शर्मा , महेंद्र चौहान, सत्या चौधरी, रानी रावत, कमलजीत, नरेंद्र डागर, जवाहर डागर, रामपाल लिखी, उदयवीर सहरावत, डा. असगर, नितिन जैन, सुरेश गुप्ता, बलदेव देशवाल, सत्ते पहलवान, कन्हैया मढ़नाका, श्यामवीर देशवाल, पवन तेवतिया,चंदन सिंह सौरोत, बाबी तेवतिया समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।