बुखार से अपनों को गवां चुके लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार

छांयसा गांव में तो बुखार के कारण 12 बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा मठेपुर में भी एक 30 वर्षीय महिला समेत कई बच्चे मौत की आगोश में समां चुके हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 06:33 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 06:33 PM (IST)
बुखार से अपनों को गवां चुके लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार
बुखार से अपनों को गवां चुके लोगों ने प्रशासन से लगाई गुहार

संवाद सहयोगी, हथीन: अपने को बुखार से गवां चुके छांयसा व मठेपुर के ग्रामीणों ने प्रशासन को पत्र लिखकर दोनों गांवों में पानी निकासी के कार्य में तेजी तथा स्वास्थ्य सेवाओं में इजाफा करने की गुहार प्रशासन से लगाई है।

बता दें कि छांयसा व मठेपुर गांव में चारों तरफ जलभराव है। दोनों गांवों में गंदगी का आलम है। जलभराव, गंदगी व मौसम के बदलाव की वजह से दोनों गांवों में बुखार अपनी चरम सीमा पर है। छांयसा गांव में तो बुखार के कारण 12 बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा मठेपुर में भी एक 30 वर्षीय महिला समेत कई बच्चे मौत की आगोश में समां चुके हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव कार्य कछुआ गति से चल रहा है। दोनों गांवों की खरीफ की फसल तो जलभराव से नष्ट हो गई। अब रबी की बुआई को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है क्योंकि जिस हिसाब से पानी की निकासी का कार्य चल रहा है। उससे नहीं लगता कि जल्द पानी की निकासी हो पाएगी।

गांव के लोग स्वास्थ्य सेवाओं से भी काफी आहत नजर आ रहे हैं। मठेपुर के साबिर हुसैन का कहना है कि गांव में विभाग की तरफ से फागिग व मच्छर मार दवाओं का छिड़काव नहीं कराया गया। रोजाना बुखार के मामले सामने आ रहे हैं। मठेपुर गांव में अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने फागिग भी नहीं की। पानी की निकासी का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। इस पर ध्यान देने की जरूरत है।

-साबिर हुसैन, निवासी मठेपुर गांव में अभी भी बुखार से मौतें हो रही हैं। दो दिन पहले दो बच्चियों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग गांव की तरफ ध्यान दे।

--नासिर हुसैन, छांयसा गांव में अभी भी कई स्थानों पर गंदगी है। सफाई व्यवस्था की तरफ प्रशासन को ध्यान देना चाहिए। जंगल के पानी की निकासी के कार्य में तेजी लाई जाए।

-हाजी आशिक, निवासी छांयसा जल निकासी की व्यवस्था कराई गई है। इसमें और तेजी लाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें रोजाना गांव में भेजी जा रही हैं।

-लक्ष्मी नारायण, एसडीएम हथीन

chat bot
आपका साथी