दहेज की मांग को लेकर ससुरालजनों पर लगा हत्या का आरोप
शिव विहार निवासी निशा के ताऊ राजेंद्र के अनुसार उन्होंने अपनी भतीजी निशा उर्फ नीतू की शादी शहर के पातली गेट निवासी दीपक के साथ 14 वर्ष पहले वर्ष 2007 को की थी।
जागरण संवाददाता, पलवल: ससुरालजनों पर दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की जहर देकर हत्या करने का आरोप लगा है। इससे पहले पुलिस ने विवाहिता द्वारा आत्महत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मगर मायके पक्ष के लोगों का आरोप था कि मृतका निशा की हत्या उसके ससुरालजनों द्वारा की गई है। हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर मायके पक्ष के लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग एक घंटे तक जाम रखा। पुलिस द्वारा हत्या का मुकदमा दर्ज करने के आश्वासन के बाद जाम खोला गया फिर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट निशा के स्वजन ने दोपहर एक बजे सरस्वती कालेज के गेट के सामने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रखकर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि महिला की जहर देकर हत्या की गई, जबकि पुलिस ने आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज किया है। लगभग एक घंटे लगे इस जाम से पूरे शहर में जाम की गंभीर स्थिति पैदा हो गई। जाम लगने की सूचना मिलते ही डीएसपी यशपाल खटाना भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीएसपी ने मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया जिसके बाद स्वजन ने जाम खोला। शहर थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर ससुराल पक्ष के पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर हत्या करने का मामला दर्ज किया है।
शिव विहार निवासी निशा के ताऊ राजेंद्र के अनुसार उन्होंने अपनी भतीजी निशा उर्फ नीतू की शादी शहर के पातली गेट निवासी दीपक के साथ 14 वर्ष पहले वर्ष 2007 को की थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था, लेकिन निशा के ससुरालजन दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और शादी के बाद से ही दहेज में तरह-तरह की मांग कर उसे प्रताड़ित करने लगे। इसको लेकर कई बार पंचायतें भी हुईं। मगर ससुरालजन अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
गत 20 अक्टूबर की देर रात्रि उसके पास फोन आया कि निशा की तबीयत खराब है और वह बल्लभगढ़ स्थित निजी अस्पताल में दाखिल है। वह सूचना मिलते ही परिवार के सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे तो निशा मृत पाई गई। राजेंद्र का आरोप है कि निशा को उसके पति दीपक, सास बिमला, ससुर महेंद्र, देवर विशाल व पिकी ने आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया है। पुलिस प्रवक्ता संजय कादयान के अनुसार मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।