वांछित आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, तीन पुलिसकर्मी हुए घायल

चोरी के मामले में वांछित आरोपित को उसके गांव नीमखेड़ा पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपित के स्वजन व गांव के कुछ लोगों ने पथराव कर छुड़वा लिया। पत्थर लगने से तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 06:26 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 06:26 PM (IST)
वांछित आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, तीन पुलिसकर्मी हुए घायल
वांछित आरोपित को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, तीन पुलिसकर्मी हुए घायल

संवाद सहयोगी, पिनगवां : चोरी के मामले में वांछित आरोपित को उसके गांव नीमखेड़ा पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपित के स्वजन व गांव के कुछ लोगों ने पथराव कर छुड़वा लिया। पत्थर लगने से तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना बुधवार करीब दस बजे हुई। पुन्हाना थाना पुलिस ने इस मामले में गांव के निवर्तमान सरपंच सहित 14 लोगों को नामजद करते हुए 35 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया। बृहस्पतिवार करीब दोपहर अतिरिक्त पुलिस टीम के साथ छापेमारी की, लेकिन आरोपित पकड़े नहीं गए।

गांव के रहने वाले मुर्शरफ के खिलाफ नगीना थाने में चोरी का मामला दर्ज है। इस मामले में वह फरार चल रहा है। उसे पकड़ने के लिए पुन्हाना थाने के पांच पुलिसकर्मी गए हुए थे। पुलिसकर्मियों ने मुर्शरफ को उसके घर से दबोच लिया और उसे अपने वाहन में बैठाने लगे तभी उसके स्वजन ने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई। इसके बाद गांव के करीब पचास लोग एकत्र हो गए। पुलिसकर्मियों ने अपना परिचय देते हुए पूरा मामला बताया इसके बाद भी लोग नहीं माने और पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मी बचने के लिए वाहन में बैठने लगे इसी बीच आरोपित भाग निकला। तीन पुलिसकर्मियों को सिर और शरीर के अन्य अंग पर चोट लगी है। उन्हें रात में अस्पताल ले जाया गया, जहां से इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया। डीएसपी पुन्हाना शमशेर सिंह ने बताया कि निवर्तमान सरपंच शाकिर सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस मामले में आरोपित बनाए गए निवर्तमान सरपंच शाकिर ने कहा पुलिसकर्मियों ने आरोपित को पकड़ लिया था। जब उसे लेकर जाने लगे तो आरोपित के स्वजन एकत्र हो गए और उन्होंने उसे छुड़ा लिया। पुलिसकर्मियों पर पथराव करने की बात गलत है। घायल भी कोई नहीं हुआ है। मामले को राजनीतिक रूप दिया जा रहा है। एफआइआर में हमारा नाम डाला गया जबकि घटना के वक्त वह अपने घर पर थे।

chat bot
आपका साथी