सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं से नहीं मिल रही निजात

वर्तमान में सड़कों पर घूम रहे पशु लाचार ही नहीं बल्कि बीमार भी हैं। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि अधिकारी इस समस्या पर बिलकुल भी ध्यान नहीं दे रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Oct 2020 02:05 PM (IST) Updated:Fri, 23 Oct 2020 02:05 PM (IST)
सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं से नहीं मिल रही निजात
सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं से नहीं मिल रही निजात

संवाद सहयोगी, फिरोजपुर झिरका: जिले की मुख्य सड़कों पर घूम रहे बेसहारा जानवरों से जिले के लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। मुख्य चौक चौराहों व हाईवे पर जमघट लगाकर बैठने वाले इन जानवरों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। गत माह में भी इनके कारण अलग-अलग स्थानों पर सात दुर्घटनाएं घटित हुईं। गनीमत रही कि इनमें किसी की जान नहीं गई। बेसहारा पशुओं के लिए सरकार ने संरक्षण देने की बात तो कही थी, लेकिन अभी तक इसपर अमल नहीं हुआ। वर्तमान में सड़कों पर घूम रहे पशु लाचार ही नहीं बल्कि बीमार भी हैं। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि अधिकारी इस समस्या पर बिलकुल भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। यदि ध्यान दें तो काफी पशुओं को संरक्षण मिल जाएगा।

बता दें कि राज्य सरकार ने वर्ष 2015 में हरियाणा प्रदेश में खास पशुओं को सरंक्षण एवं उन्हें संवर्धन देने के लिए कानून बनाया था। कानून बनने के शुरुआत में लगा था कि बेसहारा पशुओं को अब संरक्षण के लिए उचित स्थान मिल जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

कब चलेगा कैटल फ्री अभियान:

गोसेवा आयोग ने सड़कों पर बेसहारा घूमते जानवरों के लिए कैटल फ्री अभियान की शुरुआत की थी। अभियान के शुरुआत में काफी पशुओं को पकड़ा गया और उन्हें संरक्षण दिया गया, लेकिन वर्तमान में इस अभियान में जिला प्रशासन के अधिकारियों की कोई दिलचस्पी नहीं है। यदि अभियान चले तो काफी पशुओं को रहने का सही ठिकाना मिल जाएगा। सड़कों पर घूमते पशुओं की वर्तमान स्थिति पर गौर करें तो इनमें काफी पशु गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। कई पशुओं को दुर्घटना के कारण गंभीर चोटें भी लगी हैं, जिनका इलाज कोई नहीं कराता। लोगों ने पुन: कैटल फ्री अभियान चलाने की मांग की है।

बेसहारा पशुओं को दिया जा रहा है संरक्षण

गोसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग ने बताया कि प्रदेश में बेसहारा पशुओं को संरक्षण एवं संवर्धन के लिए व्यापक स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं। हाल के दिनों में काफी बेसहारा पशुओं को गोशालाओं में संरक्षण दिया गया है। कई जगह स्ट्रे कैटल फ्री अभियान चलाया गया है। हमारा प्रयास है कि घूमंतू पशुओं को संरक्षण एवं संवर्धन दिया जाए। आगे भी इस दिशा में बेहतर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं का जिला प्रशासन के अधिकारियों से ब्योरा मांगा गया है। जल्द ही पशुओं को उनके सही ठिकाने पर पहुंचाने का काम किया जाएगा।

-------

शहर में कैटल फ्री अभियान को लेकर जल्द ही रूपरेखा तैयार की जाएगी। सड़कों पर जितने भी पशु घूम रहे हैं उन्हें संरक्षण देने का काम किया जाएगा। इस संबंध में नगर पालिका के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। - रीगन कुमार एसडीएम फिरोजपुर झिरका।

chat bot
आपका साथी