..तो क्या समाप्त होंगे नंबरदारों के पद

प्रदेश सरकार पिछले लंबे से जारी नंबरदार प्रथा पर विराम लगाना चाहती है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 07:25 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 07:25 PM (IST)
..तो क्या समाप्त होंगे नंबरदारों के पद
..तो क्या समाप्त होंगे नंबरदारों के पद

संवाद सूत्र, कनीना: प्रदेश सरकार पिछले लंबे से जारी नंबरदार प्रथा पर विराम लगाना चाहती है। इसके चलते सरकार ने हरियाणा में नंबरदारों की नियुक्ति पर रोक लगा दी है। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से इस संबंध में प्रदेश के जिला उपायुक्तों को आदेश जारी किया है। प्रदेश में वर्तमान समय में 23375 नंबरदार के पद मंजूर हैं, लेकिन इनमें से एक तिहाई रिक्त हैं। इनके अलावा नंबरदार (कार्यकारी) की नियुक्ति पर भी रोक लगाई गई है। पिछले समय से इस बात की चर्चा थी कि प्रदेश सरकार नंबरदार पद को अन्य राज्यों की तर्ज पर खत्म कर सकती है। हालांकि प्रदेश के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बीते समय नंबरदारों के पद समाप्त नहीं करने की घोषणा की थी। लेकिन इस रोक को उसी दिशा में एक कदम माना जा रहा है। इस आदेश से पहले हाइकोर्ट भी नंबरदार के पद की अहमियत पर सवाल उठा चुका है। माना जा रहा है कि डिजिटल युग में नंबरदारों की इतनी जरूरत नहीं बची है। भूखंड के पंजीकरण के समय में होने वाली नंबरदार की गवाही में भी अन्य विकल्प दिए जा चुके हैं। आबियाना एकत्रित करने का काम भी नहरी पटवारियों को दिया जा चुका है। नंबरदार एसोसिएशन की ओर से पदों पर रोक लगाने के मामले में रोष प्रकट किया गया है।

chat bot
आपका साथी