विधायक ने रखा मुख्यमंत्री के समक्ष औद्योगिक विकास का प्रस्ताव

क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व ढांचागत विकास के बाद इस इलाके को औद्योगिक विकास का इंतजार है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 04:56 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 04:56 PM (IST)
विधायक ने रखा मुख्यमंत्री के समक्ष औद्योगिक विकास का प्रस्ताव
विधायक ने रखा मुख्यमंत्री के समक्ष औद्योगिक विकास का प्रस्ताव

वि, नारनौल: क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व ढांचागत विकास के बाद इस इलाके को औद्योगिक विकास का इंतजार है। दिल्ली मुंबई फ्रेट कारिडोर लगभग अपनी पूर्णता के नजदीक पहुंच गया है और उस पर बनने वाले मल्टीमाडल लाजिस्टिक हब के लिए भी ढांचागत विकास पर तेजी से कार्य बढ़ रहा है। इसके साथ ही महेंद्रगढ़ जिले में नेशनल हाईवे का एक विस्तृत नेटवर्क भी तेजी से विकसित किया जा रहा है। नहर के पानी में पर्याप्त सुधार हुआ है तथा क्षेत्र में तकनीकी रूप से शिक्षित नौजवान भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा जिले का वातावरण भी हमेशा शांतिपूर्ण रहा है। यह सभी कारक क्षेत्र के औद्योगिक विकास के भविष्य के द्योतक हैं।

इसी पृष्ठभूमि में नांगल चौधरी के विधायक डा. अभयसिंह यादव ने एक प्रस्ताव मंगलवार को मुख्यमंत्री के साथ निजी मुलाकात के दौरान उनके समक्ष प्रस्तुत किया। यहां जारी बयान में डा. यादव ने बताया कि लाजिस्टिक हब का क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में पूर्ण लाभ सुनिश्चित करने के लिए उसके साथ एक औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना बहुत आवश्यक है। उन्होंने इस आशय का एक प्रस्ताव मुख्यमंत्री महोदय को दिया है जिसमें क्षेत्र की वर्तमान सड़क एवं रेल के उपलब्ध नेटवर्क का एक विवरण पेश करते हुए उन्होंने सुझाव दिया है कि लॉजिस्टिक हब की वर्तमान जमीन में 300 एकड़ के लगभग जमीन उद्योग स्थापित करने के लिए उपलब्ध है। इसको और अधिक बढ़ाने के लिए गांव घाटाशेर एवं सरेली की पहाड़ के साथ लगती हुई कम उपजाऊ जमीन को किसानों की सहमति से खरीदा जा सकता है। इस तरह से लॉजिस्टिक हब से जुड़ा हुआ एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र यहां विकसित किया जा सकता है। जमीन की उपलब्धता के बाद इसको विकसित करने के बाद कोई एक बड़ी औद्योगिक इकाई यहां स्थापित करना आवश्यक है, ताकि इसके साथ ही अन्य सहायक उद्योग भी विकसित हो सकें। मुंबई एवं पश्चिम की अन्य बंदरगाहों से सीधे रेल सेवा से जुड़े होने के कारण लाजिस्टिक हब के साथ आयात निर्यात आधारित भी कोई उद्योग स्थापित किया जा सकता है। यह रेल मार्ग लाजिस्टिक हब के माध्यम से समुद्री रास्ते से उद्योग के लिए आयात निर्यात की सुविधा उपलब्ध करवाएगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही अब यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग की एक विस्तृत श्रृंखला द्वारा समस्त देश से जुड़ गया है। अत: सड़क मार्ग से भी माल का आदान-प्रदान बड़ी सुगमता से हो पाएगा। डा. यादव ने यह सारी स्थिति मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए उनसे इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने का निवेदन किया तथा मुख्यमंत्री ने इस विषय पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह प्रस्ताव अवश्य आगे बढ़ेगा।

chat bot
आपका साथी