खाद की आस में किसानों की लगी लंबी कतार

डीएपी खाद की आस में मंडी में किसानों की कतार लंबी होती जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 03:22 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 03:22 PM (IST)
खाद की आस में किसानों की लगी लंबी कतार
खाद की आस में किसानों की लगी लंबी कतार

संवाद सहयोगी, नांगल चौधरी: डीएपी खाद की आस में मंडी में किसानों की कतार लंबी होती जा रही है। खाद विक्रेता के आश्वासन पर किसानों ने अरावली चम्बल फर्टिलाइजर्स की दुकान के सामने दोपहर करीब डेढ़ बजे एक बार फिर जमावड़ा लगाना शुरू कर दिया। पुलिस हर स्थिति पर नजर लगाए हुए है। किसानों को कतार में बैठाया गया है। जिससे खाद पहुंचाने पर किसानों को बारी बारी वितरण कर दिया जाएगा। कतार में बैठे महिला व पुरुषों का धूप से बुरा हाल हो रहा है।

किसानों का कहना है कि एक तरफ जहां किसान मौसम की मार से जूझ रहा है। वही रबी फसल बिजाई के लिए उन्हें डीएपी नहीं मिल रहा है। खाद के लिए पिछले दस दिनों से खाद विक्रेताओं की दुकान पर चक्कर निकाल रहे हैं। दिनभर इंतजार कर उन्हें खाली हाथ ही वापस लौटना पड़ रहा है। सरसों की बिजाई का समय निकल रहा है। गेहूं की पैदावार के लिए किसानों के पास सिचाई के उपयुक्त साधन नहीं है। रात को खाद का ट्रक पहुंचने की सूचना पर ही वे खाद लेने मंडी में अरावली खाद विक्रेता की दुकान पर पहुंचे हैं। लेकिन खाद विक्रेता किसानों को खाद ही नहीं पहुंचने की बात दोहरा रहा है। हर बार उन्हें यही जवाब मिलता है। अब वे खाद विक्रेता के खाद शाम तक पहुंचने के आश्वासन पर ही मंडी में खाद की आस लगाकर कतार में बैठे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसान सरसों बिजाई में पिछड़ गया तो वह बुरी तरह बदहाल हो जाएगा। सरसों फसल पर ही किसान परिवार के सभी खर्चे डिपेंड करते हैं। कृषि विभाग के जसवंत सिंह बीटीएम ने बताया कि शाम तक डीएपी पहुंचने की पूरी उम्मीद है।

chat bot
आपका साथी