कारसेवकों का होगा कल भव्य सम्मान
विधानसभा के जयराम सदन में 5 अगस्त को कारसेवकों को सम्मानित किया जायेगा।
संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़:
विधानसभा के जयराम सदन में 5 अगस्त को कारसेवकों को सम्मानित किया जाएगा। सुबह 11 बजे से आरंभ होने वाले कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। भाजपा के
वरिष्ठ नेता व पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने जारी बयान में कहा कि 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या
में होने वाली कार सेवा के लिए महेंद्रगढ़ क्षेत्र से लगभग 61 व्यक्ति गए थे जिनमें से लगभग 30 व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है। जिदा बचे लोगों को अयोध्या में मंदिर के लिए भूमि पूजन वाले दिन 5 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी कार सेवकों को निमंत्रण दिया गया है। पूर्व मंत्री ने बताया कि वे 23 अक्टूबर 1990 को महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 61 कारसेवकों के साथ स्वयं अयोध्या के लिए रवाना हुए थे। जब अयोध्या जा रहे थे तो उत्तर प्रदेश पुलिस ने उन्हें 25 अक्टूबर को हापुड़ के पास गिरफ्तार कर रात को न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें डीएवी कॉलेज बुलंदशहर में बनाए अस्थाई जेल में बंद कर दिया गया।
30 अक्टूबर 1990 को दिन में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने कारसेवकों पर गोली चलाने का पुलिस को आदेश दे दिया था जिनमें काफी संख्या में देश भर से पहुंचे कारसेवक घायल हो गए थे। उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर को रात को जेल से हमें रिहा कर दिया गया। वे कहते हैं कि 40 वर्षो के लंबे संघर्ष के बाद 5 अगस्त को वह दिन देखने को मिलेगा जिसका देशवासी पल-पल प्रतीक्षा कर रहे हैं। 5 अगस्त को अयोध्या में श्री राम मंदिर का निर्माण शुरू होने जा रहा है। श्री राम मंदिर निर्माण में देशवासियों को अपनी बड़ी
कुर्बानी भी देनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए उनके व
अन्य कार सेवकों के साथ जेल में बिताई गई रातों को याद कर आज भी उन्हें पुलिस द्वारा किये गये अत्याचार कि याद ताजा हो जाती है। उन्होंने कहा कि 1990 में अयोध्या में होने वाली कार सेवा पर तत्कालीन प्रदेश सरकार ने काफी अत्याचार किए थे उन्हें व साथ में राम भक्तों को जेल में यातनाएं दी गई थी।