थ्री-व्हीलर की टक्कर से पत्नी की मौत, पति गंभीर
पिहोवा सदर थाना पुलिस के अंतर्गत गांव गुमथला गढू के समीप तेज रफ्तार की थ्री व्हीलर व मोटरसाइकिल के बीच टक्कर में एक महिला की मौत हो गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संवाद सहयोगी, पिहोवा : पिहोवा सदर थाना पुलिस के अंतर्गत गांव गुमथला गढू के समीप तेज रफ्तार की थ्री व्हीलर व मोटरसाइकिल के बीच टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कैथल के गांव क्योड़क निवासी सागर ने पिहोवा सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह 30 जुलाई की शाम को अपनी पत्नी करिश्मा के साथ मोटरसाइकिल पर अपनी ससुराल यमुनानगर जाने के लिए निकला था। गांव गुमथला गढू के समीप पहुंचने पर उसकी पत्नी को प्यास लगी। उसे पानी पिलाने के लिए उसने सड़क की साइड में मोटरसाइकिल रोक ली। उसकी पत्नी बोतल से पानी पीने लगी। इसी दौरान पिहोवा की तरफ से तेज रफ्तार से आ रहे थ्री व्हीलर चालक ने लापरवाही से उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह दोनों मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें पिहोवा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से उसकी पत्नी करिश्मा को रेफर कर दिया। स्वजन उसे पिहोवा के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया। घायल सागर की शिकायत पर थ्री व्हीलर के नंबर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घर में घुसकर बीमार महिला से छेड़छाड़ करने का आरोपित गिरफ्तार
संवाद सहयोगी, पिहोवा : पिहोवा सदर थाना पुलिस ने घर में घुसकर बीमार महिला से छेड़छाड़ करने के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एक व्यक्ति ने पिहोवा सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी भाभी बीमार थी। शुक्रवार रात करीब 12 बजे गांव का ही युवक राजू घर में घुस आया तथा उसकी भाभी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। इसी दौरान उसके भतीजे ने उसे गलत हरकत करते देख लिया। उसने तुरंत शोर मचा दिया, जिसके बाद आरोपित पड़ोस की दीवार फांदकर पड़ोसियों के घर जा घुसा। यहां उसे पड़ोसियों ने काबू करके मौके पर पुलिस को बुलाकर पुलिस के हवाले किया। जांच अधिकारी मुख्य सिपाही प्रवीन कुमारी ने बताया कि पुलिस ने शिकायत पर आरोपित राजू के खिलाफ मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है।