अखिल भारतीय सिविल सेवा वालीबाल में एनसीटी दिल्ली ने चंडीगढ़ को 2-0 से हराया

अखिल भारतीय सिविल सेवा वालीबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को नेशनल कैपिटल टेरिटरी (एनसीटी) दिल्ली ने चंडीगढ़ को दो-शून्य से पराजित किया है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 07:13 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 07:13 AM (IST)
अखिल भारतीय सिविल सेवा वालीबाल में एनसीटी दिल्ली ने चंडीगढ़ को 2-0 से हराया
अखिल भारतीय सिविल सेवा वालीबाल में एनसीटी दिल्ली ने चंडीगढ़ को 2-0 से हराया

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : अखिल भारतीय सिविल सेवा वालीबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को नेशनल कैपिटल टेरिटरी (एनसीटी) दिल्ली ने चंडीगढ़ को दो-शून्य से पराजित किया है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन दोपहर पहले ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल मैदान में 12 मैच खेले गए। इनमें से सात मैच पुरुष और पांच मैच महिला टीम के बीच खेले गए। दिन भर आसमान में छाए हल्के बादलों और दोपहर को हुई हल्की बूंदाबांदी में भी मैच जारी रहे।

जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी बलबीर सिंह ने बताया कि दूसरे दिन हुए महिला टीम के मुकाबलों में हरियाणा ने चंडीगढ को दो-शून्य से पराजित किया है। हरियाणा टीम ने मैच के पहले दो सेट 25-3 और 25-8 के अंतर से जीते। इसी तरह राजस्थान ने आरएसबी मुंबई को दो-शून्य, एनसीटी दिल्ली ने छतीसगढ़ को दो-शून्य और आंध्र प्रदेश ने इंदोर की टीम को दो-एक से पराजित किया है। इसके साथ ही आरएसबी चेन्नई ने उत्तराखंड को दो-शून्य से पराजित किया है।

इसी तरह पुरुष मुकाबलों में एनसीटी दिल्ली की टीम ने चंडीगढ को दो शून्य के अंतर से पराजित किया है। इसके साथ ही तेलंगाना ने छत्तीसगढ़ को दो-एक, महाराष्ट्र ने पंजाब को दो-शून्य और राजस्थान ने हिमाचल प्रदेश को दो-शून्य से हराया है। इसी तरह आंध्र प्रदेश ने मध्यप्रदेश, आरएसबी मुंबई ने आरएसबी देहरादून को दो-शून्य से पराजित किया है। आरएसबी अहमदाबाद ने आरएसबी हैदराबाद को दो-एक के अंतर से पराजित किया है।

28 राज्यों के 602 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

अखिल भारतीय सिविल सेवा वालीबाल प्रतियोगिता में देश भर के 28 राज्यों से 602 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार से शुरू हुई प्रतियोगिता 24 सितंबर तक चलेगी। खेल विभाग की ओर से प्रतियोगिता को सुचारू रूप से करवाने के लिए खेल प्रशिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित करवाई जा रही प्रतियोगिता में वालीबाल कोच शिव कुमार, कोच भूपेंद्र चौहान व बलकार सिंह मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी