झुलसा रही गर्मी, राहत मिलने के आसार नहीं

कुरुक्षेत्र पिछले तीन दिनों से धर्मनगरी के लोगों को गर्म लू के थपेड़ों ने झुलसा दिया है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने के साथ-साथ न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने लगा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 05:29 AM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 05:29 AM (IST)
झुलसा रही गर्मी, राहत मिलने के आसार नहीं
झुलसा रही गर्मी, राहत मिलने के आसार नहीं

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पिछले तीन दिनों से धर्मनगरी के लोगों को गर्म लू के थपेड़ों ने झुलसा दिया है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने के साथ-साथ न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने लगा है। न्यूनतम तापमान बढ़ने पर लोगों को सुबह और शाम के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। गर्मी से बचने के लिए लोगों ने एयर कंडीशनर और कूलरों की गति बढ़ा दी है। ऐसे हालात में बिजली की खपत बढ़ने पर शहर के कई इलाकों में वोल्टेज कम आने से पर कूलर और पंखे की जवाब देने लगे हैं। हालात ऐसे हैं की बिजली गुल होते ही शरीर पसीने से तरबतर हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों ने अभी अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह का रहने का अनुमान जताया है।

दिनभर चलने वाली गर्म लू ने किसानों के साथ-साथ दुकानदारों के कामकाज को भी प्रभावित कर रखा है। किसान बरसात न होने और गर्मी बढ़ने पर धान रोपाई में तेजी नहीं ला पा रहे हैं। दूसरी ओर तेज धूप से बचने के लिए लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं, ऐसे में दिन भर बाजार भी सूने रहने लगे हैं। बाजारों में ग्राहक न पहुंचने पर दुकानदार दिन भर खाली बैठे रहते हैं।

धान रोपाई का सीजन जोरों पर

15 जून के बाद धान रोपाई का सीजन जोरों पर चला हुआ है। ऐसे में बरसात न होने से किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। किसानों को धान रोपाई के लिए अगला खेत तैयार करने की बजाय पहले रोपी गई धान में पानी खड़ा रखना मुश्किल हो रहा है। इतना ही नहीं तेज धूप से खेत का पानी गर्म हो रहा है। इस गर्म पानी से ताजा रोपी गई धान को भी नुकसान हो रहा है। प्रगतिशील किसान रवि मथाना ने कहा कि मौसम के मिजाज को देखते अभी धान रोपाई के काम को रोक दिया है। पहले रोपी गई धान में पानी खड़ा करना जरूरी है।

कई दिन झेलनी पड़ेगी गर्मी

कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ संयोजक डा. प्रद्युम्मन भटनागर ने बताया कि अभी कई दिनों तक गर्मी झेलनी पड़ सकती है। अगले कई दिनों अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

chat bot
आपका साथी