भाजपा के चुनाव प्रचार के लिए पहुंचेंगे स्टार प्रचारक

विधानसभा चुनावों का समय नजदीक आते-आते मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने प्रचार के लिए एडी-चोटी का जोर लगा दिया है। प्रचार में स्टार वार ने जोर पकड़ लिया है। पिछले तीन दिनों से कुरुक्षेत्र में भाजपा के केंद्रीय नेताओं की दस्तक जारी है और आने वाले तीन दिनों में खेल और मनोरंजन जगत से जुड़ी कई हस्तियां कुरुक्षेत्र पहुंच रही हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Oct 2019 07:10 AM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 07:10 AM (IST)
भाजपा के चुनाव प्रचार के लिए पहुंचेंगे स्टार प्रचारक
भाजपा के चुनाव प्रचार के लिए पहुंचेंगे स्टार प्रचारक

विनोद चौधरी, कुरुक्षेत्र : विधानसभा चुनावों का समय नजदीक आते-आते मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने प्रचार के लिए एडी-चोटी का जोर लगा दिया है। प्रचार में स्टार वार ने जोर पकड़ लिया है। पिछले तीन दिनों से कुरुक्षेत्र में भाजपा के केंद्रीय नेताओं की दस्तक जारी है और आने वाले तीन दिनों में खेल और मनोरंजन जगत से जुड़ी कई हस्तियां कुरुक्षेत्र पहुंच रही हैं। ऐसे में माहौल पूरा चुनावी हो गया है। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी माहौल को अपने पक्ष में करने में जुटे हैं। इस काम में भाजपा ने पूरी तेजी पकड़ ली है।

भाजपा की ओर से तीन लोकसभा क्षेत्रों में 20 सीटों पर उतरे प्रत्याशियों के पक्ष में वोट की अपील करने के लिए 15 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र पहुंचे थे। इसके अगले दिन लाडवा विधानसभा में डॉ. पवन सैनी के पक्ष में प्रचार के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पहुंचे थे। इसके बाद बृहस्पतिवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शाहाबाद में कृष्ण बेदी और लाडवा में डॉ. पवन सैनी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। अब पहुंचेंगे गौतम गंभीर और बब्बू मान

अब अगले दो दिनों में खेल और फिल्म जगत से जुड़ी बड़ी हस्तियां कुरुक्षेत्र पहुंच रही हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज एवं सांसद गौतम गंभीर और फिल्मी कलाकार गैवी चहल शुक्रवार को पिहोवा से प्रत्याशी संदीप सिंह का प्रचार करने के लिए पहुंच रहे हैं। वह दोपहर को सरस्वती तीर्थ पर पहुंचकर बस अड्डे तक रोड शो निकालकर लोगों से भाजपा के पक्ष में वोट की अपील करेंगे। दूसरी ओर शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को सुबह पंजाबी गायक बब्बू मान पहुंच रहे हैं। इसी तरह थानेसर हलके से प्रत्याशी के प्रचार के लिए बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अतुल गर्ग भी पहुंचे। फिल्मी कलाकार सन्नी देओल के भी कुरुक्षेत्र पहुंचने को लेकर चर्चा चल रही है हालांकि अभी तक उनका कोई शेड्यूल तय नहीं हुआ है। कांग्रेस की ओर से पहुंचे पूर्व सीएम और प्रदेशाध्यक्ष

कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 12 अक्टूबर लाडवा और पिहोवा में जनसभा की थी। इसके बाद बुधवार को प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने गांव अमीन में थानेसर प्रत्याशी के लिए जनसभा कर वोट मांगे थे।

chat bot
आपका साथी