खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ने से खेलों को मिलेगी मजबूती : सिंह

खेल और युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सुशासन दिवस पर प्रदेश सरकार ने अर्जुन द्रोणाचार्य भीम व ध्यानचंद अवार्डियों को नई सौगात दी है। प्रदेश में 104 अवार्डियों को 20 हजार रुपये और 130 अवार्डियों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि दी जाएगी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 26 Dec 2020 06:17 AM (IST) Updated:Sat, 26 Dec 2020 06:17 AM (IST)
खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ने से खेलों को मिलेगी मजबूती : सिंह
खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ने से खेलों को मिलेगी मजबूती : सिंह

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : खेल और युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि सुशासन दिवस पर प्रदेश सरकार ने अर्जुन, द्रोणाचार्य, भीम व ध्यानचंद अवार्डियों को नई सौगात दी है। प्रदेश में 104 अवार्डियों को 20 हजार रुपये और 130 अवार्डियों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह सम्मान राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सुशासन दिवस पर इसकी घोषणा की है। उन्होंने इस घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

शुक्रवार को लघु सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की इस घोषणा से खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ा है। यह घोषणा प्रदेश में खेलों को ओर मजबूती देगी। अर्जुन, द्रोणाचार्य व ध्यानचंद अवार्डी विजेताओं को अब पांच हजार रुपये की बजाय प्रतिमाह 20-20 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। वहीं केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाले साहसिक पुरस्कार के विजेताओं को भी 20 हजार रुपये का साहस सम्मान दिया गया है। केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाला साहसिक पुरस्कार केवल एक बार दिया जाता है। यही नहीं भीम अवार्डी विजेताओं का भी मुख्यमंत्री ने मान बढ़ाया है। उन्हें पुरस्कार के समय पांच लाख रुपये की राशि दी जाती थी, अब उन्हें प्रतिमाह पांच हजार रुपये भत्ता दिया जाएगा। अर्जुन अवार्ड का सम्मान 80 खिलाड़ियों को मिला है, जबकि द्रोणाचार्य अवार्ड का सम्मान 15 प्रशिक्षकों-कोच को मिला है। इन सभी को प्रति माह 20-20 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। वहीं ध्यान चंद अवार्ड से नौ खिलाड़ी सम्मानित किए गए हैं, उन्हें भी प्रतिमाह 20 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। प्रदेश में तीन लोगों को साहसिक पुरस्कार मिला है, उन्हें भी 20 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भीम अवार्ड से सम्मानित सबसे ज्यादा 130 खिलाड़ी हैं, जिन्हें प्रदेश सरकार ने पहली बार नई सौगात दी है। भीम अवार्डियों को केवल पुरस्कार के समय एक बार पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती थी। अब उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से प्रति माह 5 हजार रुपये दिए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी