तेज हवा से छंटी धुंध, धूप खिलने से मिली राहत

कई दिनों से कड़ाके की ठंड झेल रहे लोगों को रविवार को धूप खिलने पर कुछ राहत मिली है। दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जबकि न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा है। हवा की गति 12 किलोमीटर प्रति घंटा और हवा में नमी की मात्रा 91 फीसद रही है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Jan 2021 07:22 AM (IST) Updated:Mon, 18 Jan 2021 07:22 AM (IST)
तेज हवा से छंटी धुंध, धूप खिलने से मिली राहत
तेज हवा से छंटी धुंध, धूप खिलने से मिली राहत

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड झेल रहे लोगों को रविवार को धूप खिलने पर कुछ राहत मिली है। दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहा है। हवा की गति 12 किलोमीटर प्रति घंटा और हवा में नमी की मात्रा 91 फीसद रही है। न्यूनतम तापमान में लगातार चल रही कमी के चलते लोग सुबह और शाम के समय ठंड में ठिठुरते रहे। दोपहर बाद सूर्य के आसमान से ओझल होते ही ठंड में हाथ-पांव ठंडे हो रहे हैं। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म जुराबें और दस्ताने पहन कर काम चला रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों ने अभी सप्ताह भर तक इसी तरह ठंड जारी रहने का अनुमान जताया है।

गौरतलब है कि शनिवार को दिन भर घनी धुंध छाई रहने से दिन में सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए थे। दिन में धूप न निकलने पर अधिकतम तापमान भी 12 डिग्री सेल्सियस तक ठहरने पर लोगों को कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ रही थी। एक बार शाम होते ही धुंध गहराने के बाद देर रात चली तेज हवा से धुंध छंट गई। रविवार की सुबह तेज हवा के साथ हल्की धुंध रहने के बाद 10:30 बजे सूर्य देवता ने दर्शन दिए। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. प्रद्युम्मन भटनागर ने कहा कि अभी एक सप्ताह तक ठंड का दौर जारी रहेगा। शाहाबाद संवाद सूत्र के अनुसार अत्यधिक ठंड होने से व्यापार पर असर पड़ रहा है। नई सब्जी मंडी के आढ़ती विक्की सेठी, सुरेंद्र लूथरा, शंटी लूथरा ने कहा कि सुबह के समय में अत्यधिक धुंध होने के कारण लोग सब्जियां खरीदने नहीं पहुंच रहे। बाजार में दुकानदार अरुण वर्मा, कैलाश चंद, पूर्ण, आलोक ने कहा कि कई दिनों से बाजार खाली पड़े हैं। दिन भर खाली बैठे दुकानदार ठंड से बचने के लिए अलाव सेंक रहे हैं।

-----

ठंड से बचने के लिए शरीर का ध्यान

लाइफ केयर अस्पताल के डा. अजय सैनी ने बताया कि इन दिनों में तापमान कम और हवा में नमी बढ़ जाती है। इसमें मरीज को सिरदर्द, थकान, बुखार होने के साथ ही नाक में बहने की शिकायत होती है। उन्होंने कहा कि ठंड में दमा का अटैक बढ़ जाता है। इससे सांस की नली सिकुड़ जाती है और मरीज की सांस फूलने लगती है। उन्होंने बताया कि ठंड से बचने के लिए सर्दी के मौसम मे गर्म कपड़े पहनें, पैर, नाक व कान को ढककर रखें, सफाई पर विशेष ध्यान दें। इसके साथ ही ठंडे पेय पदार्थों से परहेज करते हुए गर्म पानी और सूप का ज्यादा इस्तेमाल करें।

chat bot
आपका साथी