रोडवेज ड्राइवर रणजीत धोती कुर्ता पहन बना निर्मल ताऊ, यात्रियों को जागरूकता का पढ़ा रहा पाठ

नया बस स्टैंड परिसर के तीन कर्मचारी बुधवार को कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। ड्राइवर रणजीत करोड़ा धोती-कुर्ता पहनकर निर्मल ताऊ के किरदार में यात्रियों को जागरूक कर रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 05:56 AM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 05:56 AM (IST)
रोडवेज ड्राइवर रणजीत धोती कुर्ता पहन बना निर्मल ताऊ, यात्रियों को जागरूकता का पढ़ा रहा पाठ
रोडवेज ड्राइवर रणजीत धोती कुर्ता पहन बना निर्मल ताऊ, यात्रियों को जागरूकता का पढ़ा रहा पाठ

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : नया बस स्टैंड परिसर के तीन कर्मचारी बुधवार को कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। ड्राइवर रणजीत करोड़ा धोती-कुर्ता पहनकर निर्मल ताऊ के किरदार में यात्रियों को जागरूक कर रहा है। वह डिपो परिसर में पूरा दिन कर्मचारियों व यात्रियों को गाइडलाइन अपनाने का पाठ पढ़ा रहा है।

रणजीत करोड़ा ने बताया कि परिवहन विभाग ने उसे निर्मल ताऊ के किरदार के माध्यम से बस स्टैंड परिसर, बस के अंदर बैठे यात्रियों व कर्मचारियों को मास्क के प्रति जागरूक करने का कार्य सौंपा है। इसके अलावा वे डिपो महाप्रबंधक के साथ सड़कों पर वाहन चालकों को रोककर मास्क व शारीरिक दूरी का महत्व बता रहे हैं। 50 फीसदी यात्री बैठाने की दी हिदायत

डीआइ बहादुर सिंह ने बताया कि रोडवेज परिसर में कार्यरत तीन परिचालक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसे देखते हुए विशेष तौर पर चालक-परिचालकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। चालक-परिचालकों की सुरक्षा को देखते हुए रोडवेज बसों में 50 फीसदी ही यात्री बैठाने की अनुमति दी गई है। अगर उसके बाद भी परिचालक बस में सीट से अधिक यात्री बस में बैठाते हैं, तो उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। रोडवेज यूनियनें भी विभाग का दे रही साथ

रोडवेज की 12 से 13 यूनियनें है। यूनियन ने मिलकर महाप्रबंधक को कोरोना महामारी के दौरान हर संभव सहायता देने की बात कही है। वे महामारी के खिलाफ लड़ाई में अधिकारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। यात्रियों को लगातार जागरूक करने में लगे हैं। रोडवेज के एक कर्मचारी को निर्मल ताऊ किरदार देकर बस स्टैंड परिसर में जागरूकता के लिए तैनात किया गया है। वह यात्रियों के साथ कर्मचारियों को कोविड-19 के नियमों की जानकारी दे रहा है।

- अशोक मुंजाल, महाप्रबंधक, कुरुक्षेत्र

chat bot
आपका साथी