जिले में चार एमएम बरसात, गर्मी से मिली राहत
- दोपहर बाद खिली तेज धूप 36 डिग्री रहा अधिकतम तापमान जागरण संवाददाता कुरुक्षेत्र धर्मनगर
- दोपहर बाद खिली तेज धूप, 36 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : धर्मनगरी में तीन दिन पहले वीरवार को हुई बूंदाबांदी के बाद रविवार की सुबह जिला भर में करीब चार एमएम बरसात हुई। सुबह के समय आसमान में काले बादल छाने के बाद हुई बरसात से मौसम सुहावना हो गया। इसके बाद दोपहर तक आसमान में बादलों की आवाजाही रही और दोपहर बाद धूप खिली। मौसम सुहावना होने पर सुबह और शाम को सड़कों पर सैर के लिए निकले लोगों की भीड़ दिखी। रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी 50 फीसद के करीब रही और हवा की गति 12 किलोमीटर प्रतिघंटा के करीब रही। मौसम विशेषज्ञों ने पहले ही 16 जून तक मौसम परिवर्तनशील रहने का अनुमान जता रखा है।
गौरतलब है कि धर्मनगरी में शनिवार की देर रात भी आसमान में बादल छाए थे। इन बादलों के साथ तेज हवाएं भी चली थी। लोगों को बरसात होने की उम्मीद थी। लेकिन पिहोवा में ही हल्की बरसात होने के बाद आसमान साफ हो गया। इसके बाद रविवार की सुबह साढे सात बजे के करीब आसमान में काले बादल छाए और आठ बजे के करीब बरसात शुरू हो गई। करीब 15 मिनट में ही करीब चार एमएम बरसात हुई।
बरसात से खिले किसानों के चेहरे
15 जून से किसान धान की रोपाई का काम शुरू करेंगे। इससे पहले किसानों ने खेत तैयार कर लिए हैं। ऐसे में एन मौके पर बरसात आने से किसानों से चेहरे खिल गए हैं। बरसात से खेतों की मिट्टी में नमी होने पर यह जल्दी पानी से लबालब हो जाएंगे। ऐसे में किसान को ट्यूबवेल से कम पानी लगाना पड़ेगा और खेत को धान रोपाई के लिए जल्द और आसानी से तैयार किया जा सकेगा।
अभी 16 जून तक अच्छी बरसात का अनुमान
कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम विशेषज्ञ डा. ममता ने कहा कि प्री मानसून ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। वीरवार को ही जिला भर में अच्छी बरसात हुई है। अभी 16 जून तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। 16 जून तक तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ कई जगहों पर हल्की मध्यम और कहीं पर तेज बरसात होने का अनुमान है।