बारिश में भीगा लाखों का धान, खरीद नहीं होने से किसान परेशान

बाबैन अनाज मंडी में धान की आवक जोरों पर शुरू हो गई है लेकिन सरकारी खरीद शुरू न होने पर किसानों का धान न बिकने पर और लगातार दो दिन से हो रही बरसात ने किसानों व आढ़तियों की परेशानी बढ़ती जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 10:24 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 10:24 PM (IST)
बारिश में भीगा लाखों का धान, खरीद नहीं होने से किसान परेशान
बारिश में भीगा लाखों का धान, खरीद नहीं होने से किसान परेशान

संवाद सूत्र, बाबैन : बाबैन अनाज मंडी में धान की आवक जोरों पर शुरू हो गई है, लेकिन सरकारी खरीद शुरू न होने पर किसानों का धान न बिकने पर और लगातार दो दिन से हो रही बरसात ने किसानों व आढ़तियों की परेशानी बढ़ती जा रही है।

किसान सतबीर रामपुरा, तरसेम संघौर, बलकार रामपुरा, बाबा गुरचरण सिंह, अशोक कुमार, कृष्ण चंद, बब्बू भगवानपुर व सोहनलाल का कहना है कि पिछले दो दिन से हो रही बरसात के कारण मंडी में लाखों रुपये का धान भीग चुका है। जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि अधिकतर किसान हाईब्रीड बीज की किस्म को लगाते हैं। जो 80 से 90 दिन में पक कर तैयार हो जाते हैं और सरकार की ओर से 15 जून को धान लगाने के आदेशों के अनुसार धान की खरीद का कार्य 15 सितंबर को शुरू किया जाना चाहिए। लेकिन अब तक खरीद शुरू न होने से किसानों के लिए धान की खेती परेशानी का सबब बन कर रह गई है। वहीं लगातार दो दिन से हो रही बारिश ने किसानों की रातों की नींद उड़ा दी है।

उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही धान की खरीद शुरू नहीं की गई तो कुछ ही दिनों में मंडी में धान के अंबार लग जाएंगे। जिससे किसान को धान की फसल में भारी नुकसान हो सकता है। मार्केट कमेटी सचिव दिनेश कुमार ने बताया कि धान की खरीद को लेकर तैयारियां चल रही है। मंडी में गेट पास काटने लिए कार्य शुरू हो गया है और 25 सितंबर से धान की खरीद शुरू की जाएगी।

chat bot
आपका साथी