तीसरे नवरात्र पर मंदिरों में हुआ मां चंद्रघंटा का पूजन

आश्विन माह के तीसरे नवरात्र पर मंदिरों में मां चंद्रघंटा की पूजा की गई। मंदिरों में सुबह ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 06:55 AM (IST) Updated:Tue, 20 Oct 2020 06:55 AM (IST)
तीसरे नवरात्र पर मंदिरों में हुआ मां चंद्रघंटा का पूजन
तीसरे नवरात्र पर मंदिरों में हुआ मां चंद्रघंटा का पूजन

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : आश्विन माह के तीसरे नवरात्र पर मंदिरों में मां चंद्रघंटा की पूजा की गई। मंदिरों में सुबह ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी, श्रृंगार मां का भेंट कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। प्रात:कालीन आरती में श्रद्धालुओं ने शिरकत कर मां के दरबार में हाजिरी लगवाई।

प्राचीन शक्तिपीठ श्रीदेवीकूप भद्रकाली मंदिर में सुबह पांच बजे ही साफ-सफाई व सैनिटाइज करने का कार्य आरंभ हो गया। मां भद्रकाली को स्नान करा सुंदर वस्त्र पहनाए गए। सुबह छह बजे मां भगवती की प्रात:कालीन मंगल आरती, श्रृंगार, मां का मेवे का भोग लगाकर मां की श्रद्धाभाव से पूजा प्रारंभ हुई। श्रद्धालुओं ने श्रीदेवीकूप पर मन्नतें मांगी और मां के दरबार में अलौकिक स्वरूप के दर्शन किए। मंदिर में कोरोना महामारी से बचाव के लिए सरकार की गाइडलाइन अनुसार श्रद्धालुओं की स्क्रीनिग कर अंदर जाने दिया गया। मंदिर के पीठाध्यक्ष सतपाल शर्मा ने कहा कि मां भद्रकाली अपने सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। नवरात्र के दौरान मां की पूजा करने से पापी से पापी मनुष्य भी पाप मुक्त हो जाता है। हरियाणा का एकमात्र प्राचीन शक्तिपीठ श्रीदेवीकूप भद्रकाली मंदिर 52 महान शक्तिपीठ में से एक है। यहां मां का दायां टखना (गुल्फ) गिरा था। शक्तिपीठ मां के वे प्रिय निवास स्थल हैं, जहां शक्तियां स्वयं विराजमान हुई और अपने भक्त का कल्याण करती हैं। मंदिर में दोपहर को स्काइट के चेयरमैन संजय बंसल ने मां अन्नपूर्णा भंडारा दिया। वहीं व्रत भंडारा एमके कौशल ने दिया। सायंकालीन आरती में आर्किटेक्ट नीरज गुप्ता मुख्य यज्ञमान बने। उन्होंने परिवार सहित मां भद्रकाली जी की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर के पीठाध्यक्ष सतपाल शर्मा व मां भद्रकाली सेवक मंडल के अध्यक्ष नरेंद्र वालिया ने सभी भक्तों को लाल चुनरी व मां का चित्र भेंट कर स्वागत किया।

पिपली के दुर्गा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा का पूजन किया। मंदिर के संचालक पंडित सुरेश मिश्रा ने तीसरे नवरात्र के बारे में श्रद्धालुओं को बताया और विधिवत पूजन कराया।

chat bot
आपका साथी