बरसाती पानी से पानी में डूबी आधा दर्जन कालोनियां, लोग घरों में कैद

ऊपरी इलाके के बरसाती पानी ने आधा दर्जन कालोनियों में जल भराव की समस्या खड़ी कर दी है। अधिकांश परिवार घरों में कैद होकर रह गए हैं। इस पानी की चपेट में चार राइस मिल तक आ चुके हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 07:26 AM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 07:26 AM (IST)
बरसाती पानी से पानी में डूबी आधा दर्जन कालोनियां, लोग घरों में कैद
बरसाती पानी से पानी में डूबी आधा दर्जन कालोनियां, लोग घरों में कैद

फोटो संख्या : 14 संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद : ऊपरी इलाके के बरसाती पानी ने आधा दर्जन कालोनियों में जल भराव की समस्या खड़ी कर दी है। अधिकांश परिवार घरों में कैद होकर रह गए हैं। इस पानी की चपेट में चार राइस मिल तक आ चुके हैं। ठसका रोड पर यातायात ठप होने के हालात पैदा हो चुके हैं। प्रशासन राहत दिलाने के प्रयास में जुटा हुआ है।

अंबाला और शाहाबाद के इलाके का बरसाती पानी खेतों के रास्ते अब कस्बे की आबादी के बीच पहुंच गया है। जल स्तर लगातार बढ़ रहा है और लोग परेशानी के दौर से गुजर रहे हैं। पानी ने संत नगर, डेहा कालोनी, राम नगर कालोनी, गुरुनानक नगर, बाइपास कालोनी, रहेजा कालोनी को चपेट में ले लिया है। इनके साथ ही कोचर राइस मिल, सिगला राइस मिल, वधवा राइस मिल सहित कई मैरिज पैलेस पानी की चपेट में हैं। हालात ऐसे हैं कि अधिकांश परिवारों का घरों से बाहर निकलना तक दुश्वार हो चला है। पानी अब गलियों व सड़कों तक पर विचरण कर रहा है। इस्माईलाबाद से कुरुक्षेत्र जाने वाले ठसका रोड की हालत बद से बदतर हो चली है। इस रोड पर दो से तीन फुट तक पानी जमा हो गया है।

ग्रामीण वीर कुमार गोयल, रोबिन राणा, संजय कुमार और राजीव ने बताया कि बरसाती पानी मकानों के लिए खतरा बनता जा रहा है। यह पानी दीवारों से सट कर खड़ा हुआ है। खाली प्लाट झील बने हुए हैं। इनसे निकलने वाले जहरीले जीवों से हर समय भय बना रहता है। कालोनी वासियों का कहना है कि दस साल से प्रशासन बरसाती पानी की स्थायी निकासी का प्रबंध नहीं कर पाया है।

एसडीएम पिहोवा सोनू राम ने बताया कि कई टीमों को राहत दिलाने में लगाया गया है। निकासी के प्रबंध कराए जा रहे हैं। नगरपालिका कर्मचारियों को 24 घंटे घंटे ड्यूटी पर तैनात रहने के निर्देश दिए हैं।

chat bot
आपका साथी