सड़क के बीचोबीच बना आठ फीट का गड्ढा, गहराई भी आठ फीट तक, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

शहर को सरकारी अस्पताल और पुलिस थाने से जोड़ने वाली मुख्य सड़क खस्ताहाल है। यह आए दिन हादसों को न्यौता दे रही है। सड़क पर आठ फीट गहरा और पांच फीट चौड़ा गड्ढे बना हुआ है। शाम ढलते ही यह रोड काल का रूप धारण कर लेती है। ज्यादातर अनजान लोग इसका शिकार बनते हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 10:27 PM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 10:27 PM (IST)
सड़क के बीचोबीच बना आठ फीट का गड्ढा, गहराई भी आठ फीट तक, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
सड़क के बीचोबीच बना आठ फीट का गड्ढा, गहराई भी आठ फीट तक, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

संवाद सहयोगी, पिहोवा : शहर को सरकारी अस्पताल और पुलिस थाने से जोड़ने वाली मुख्य सड़क खस्ताहाल है। यह आए दिन हादसों को न्यौता दे रही है। सड़क पर आठ फीट गहरा और पांच फीट चौड़ा गड्ढे बना हुआ है। शाम ढलते ही यह रोड काल का रूप धारण कर लेती है। ज्यादातर अनजान लोग इसका शिकार बनते हैं। इसी समस्या को लेकर गत दिनों पूर्व नगर पार्षद अनिल बागड़ी व पार्षद प्रतिनिधि विक्की बिड़लान के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल खेल मंत्री संदीप सिंह से मिले थे। उस समय शहरवासियों की जायज मांग को देखते हुए खेल मंत्री संदीप सिंह ने लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन को बंद काम को तुरंत सुचारु करने के आदेश दिए थे। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। जिससे शहरवासियों में सरकार व प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है।

अब तो सैनी धर्मशाला के सामने सड़क बैठ जाने के कारण करीब पांच फीट चौड़ा व आठ फीट गहरा गड्ढा बन गया है। जो कभी भी मौत का कारण बन सकता है। बता दें कि लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब तीन माह पहले कैथल रोड टी प्वाइंट सरकारी अस्पताल रोड पर नई सड़क बनाने के लिए एक साइड से सड़क को तुड़वाना था। सड़क पहले से ही मजबूत थी। इसको तोड़ने मात्र में तीन माह लग गए। उसके बाद महज खाना पूर्ति कर पत्थर डाल दिया गया। जिसके कारण आए दिन दुघर्टना होती रही। कुछ समय बाद विभाग द्वारा खाना पूर्ति के लिए कुछ स्थान पर नाममात्र की मिट्टी डलवाकर काम बीच में ही छोड़ दिया। जिससे लोगों की समस्या ज्यों-की-त्यों बनी हुई है। ऐसा नहीं है कि विभाग को नहीं पता है। यह रोड शहर का सबसे ज्यादा वीआइपी रोड है। उसके बावजूद विभाग के कानों पर कोई जूं तक नही रेंग रही।

लोगों में रोष

करनैल सिंह, नरेश कुमार, राकेश कुमार, हरदीप सिंह, अनिल बागड़ी, किशोर शर्मा, रामलाल, मोहित बंसल, गुलाब सिंह का कहना है कि यह सड़क केवल मात्र कुछ जगहों से ही खराब थी। पूरी सड़क को तोड़ने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी कमीशन के चक्कर में रहते हैं और इसी के लिए सड़क को तुड़वाया है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर लड़कों, लड़कियों व छोटे बच्चों के तीन स्कूल, सरकारी अस्पताल, सदर पुलिस स्टेशन, गुगा माडी मंदिर, पृथुदक पार्क स्थित है। इसके अतिरिक्त यही मार्ग सरस्वती सरोवर, ब्रह्मजून, फतेह सिंह रोड, एक गैस एजेंसी व दो गैस गोदाम है। लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों पहले उन्होंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री मनोहर लाल को ट्विट की थी। सीएम को शिकायत के बाद काम तेज चलना तो दूर अब बंद ही कर दिया गया है।

सोमवार से शुरू होगा कार्य

लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि ठेकेदार की लेबर जाने के कारण काम बंद किया है। सोमवार को सड़क का काम फिर से शुरू कर दिया जाएगा। लोगों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी