दिवाली की छुट्टियों से पहले वेतन जारी करने की मांग

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने अक्टूबर माह के अंतिम दिनों में कई छुट्टियों के चलते इस माह का वेतन 29 अक्टूबर को जारी करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है दिवाली के त्योहार पर खर्च ज्यादा होता है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 11:43 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 11:43 PM (IST)
दिवाली की छुट्टियों से पहले वेतन जारी करने की मांग
दिवाली की छुट्टियों से पहले वेतन जारी करने की मांग

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने अक्टूबर माह के अंतिम दिनों में कई छुट्टियों के चलते इस माह का वेतन 29 अक्टूबर को जारी करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है दिवाली के त्योहार पर खर्च ज्यादा होता है। ऐसे में त्योहारी खरीदारी के लिए समय से वेतन मिल जाना चाहिए। दिवाली से लगातार कई दिन छुट्टियों में वेतन जारी होने में देरी से कर्मचारियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। इस मांग को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव को इ मेल भी भेजी है। दूसरी ओर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर शिक्षक कर्मचारी संघ कुंटिया ने भी इसके लिए कुलसचिव से मुलाकात कर वेतन जल्द जारी करने की मांग की है।

इस बार दिवाली चार नवंबर की है। इससे पहले अक्टूबर माह के अंतिम दिन 30 और 31 अक्टूबर को शनिवार और रविवार की छुट्टियां हैं। इसके बाद एक नवंबर को हरियाणा दिवस की छुट्टी है। ऐसे में दो और तीन नवंबर को कार्यदिवस के बाद सीधे आठ नवंबर सोमवार को कार्यालय खुलेंगे। इन छुट्टियों को देखते हुए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त सहायक कुलसचिव दविद्र सचदेवा ने कुलसचिव को इ मेल भेज कर संबंधित अधिकारी को इस बारे में निर्देश देने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने दो माह का डीए का एरियर भी जारी करने की मांग की है।

कुवि में 1500 के करीब पेंशनर्स

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 1500 के करीब पेंशनर्स, 1400 के लगभग गैर शिक्षक कर्मचारी और 390 शिक्षक हैं। कुवि प्रशासन की ओर से सितंबर माह का वेतन देरी से जारी हो पाया था। बजट जारी होने में देरी के चलते सितंबर माह का वेतन 14 अक्टूबर को दशहरे से एक दिन पहले जारी हो पाया था। इस बार कर्मचारी दिवाली के त्योहार को देखते हुए पहले से ही वेतन जारी करने के निर्देश दिए जाने की मांग कर रहे हैं।

कुंटिया ने भी प्रशासन से की है मांग

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय गैर शिक्षक कर्मचारी संघ (कुंटिया) के महासचिव रविद्र तोमर ने बताया कि कुंटिया प्रतिनिधिमंडल ने भी कुलसचिव डा. संजीव शर्मा से मुलाकात कर त्योहारों की छुट्टियों से पहले वेतन जारी किए जाने की मांग की है। दिवाली पर सब त्योहारों से अधिक खर्च होता है। ऐसे में समय से वेतन मिलने पर कर्मचारियों को दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।

chat bot
आपका साथी