नए सिरे से तय किए जाएंगे कलेक्टर रेट, टीम कालोनियों में पहले करेगी सर्वे

कलेक्टर रेट अगले साल नए सिरे से तय किए जाएंगे। इससे पहले कमेटी बाकायदा कालोनियों का सर्वे करेगी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 05:55 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 05:55 PM (IST)
नए सिरे से तय किए जाएंगे कलेक्टर रेट, टीम कालोनियों में पहले करेगी सर्वे
नए सिरे से तय किए जाएंगे कलेक्टर रेट, टीम कालोनियों में पहले करेगी सर्वे

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कलेक्टर रेट अगले साल नए सिरे से तय किए जाएंगे। इससे पहले कमेटी बाकायदा कालोनियों का सर्वे करेगी। ग्राउंड रिपोर्ट के बाद कमेटी रेट निर्धारित करेगी। कमेटी की रिपोर्ट पर नोडल अधिकारी अपनी राय देंगे। इसके बाद डीसी व उच्चाधिकारी रेट तय करेंगे। इस बार एक जनवरी को कलेक्टर रेट का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

डीसी मुकुल कुमार ने शुक्रवार को वित्तायुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशानुसार वर्ष 2022 के अवधि के लिए कलेक्टर रेट निर्धारित करने के लिए आदेश पारित किए हैं। इन आदेशों के तहत तहसील स्तरीय कमेटी संबंधित उपमंडल अधिकारी नागरिक के दिशा-निर्देशानुसार अपने स्तर पर गैर सरकारी पक्षों से विचार-विमर्श करने के उपरांत अपनी-अपनी तहसील से प्रस्तावित कलेक्टर रेट उपमंडल अधिकारी नागरिक के माध्यम से अतिरिक्त उपायुक्त को भेजेंगे।

कालोनियों में जाएगी टीम

तहसील स्तर पर गठित कमेटी कालोनी, क्षेत्र के स्थानीय लोगों से मार्केट रेट की जानकारी लेगी। इसके साथ पिछले 12 महीनों में उक्त कालोनी, क्षेत्र में पंजीकृत वसीकाओं की जांच की जाएगी। इसमें कलेक्टर रेट अवगत कराए जाएंगे। इसके लिए एडीसी नोडल अधिकारी होंगे। वे तहसील स्तर पर गठित कमेटी से कलेक्टर रेट संबंधित एसडीएम से प्राप्त कर प्रस्तावित कलेक्टर रेट को उपायुक्त को प्रस्तुत करेंगे। प्रस्तावित कलेक्टर रेट का एक ड्राफ्ट बनाकर 31 अक्टूबर 2021 तक प्रकाशन किया जाएगा। प्रस्तावित कलेक्टर रेट पर 15 नवंबर तक आपत्ति व शिकायत दर्ज करवाई जा सकेगी। इन आपत्तियों व सुझावों पर 16 से 30 नवंबर तक सुनवाई और आखिरी निर्णय लिया जाएगा। एतराजों को सुनने व निर्धारित करने के लिए 15 दिसंबर तक का समय आरक्षित है। इसके उपरांत प्रस्तावित कलेक्टर रेट को राज्य स्तर पर अनुमोदन के लिए जांचे जाएंगे। कलेक्टर रेट का अंतिम प्रकाशन एक जनवरी 2022 तक किया जाएगा।

इनकी बनाई कमेटी

कलेक्टर रेट के लिए प्रत्येक तहसील स्तर पर कमेटी का गठन किया गया है। जिसमें थानेसर के लिए एसडीएम थानेसर को उपाध्यक्ष और सब रजिस्ट्रार थानेसर, बीडीपीओ थानेसर, डीएमसी नगर परिषद, जिला योजनाकार कार्यालय के संबंधित कर्मचारी को सदस्य बनाया गया है। इसी तरह तहसील पिहोवा, इस्माईलाबाद, शाहाबाद, लाडवा व बाबैन के लिए संबंधित एसडीएम को उपाध्यक्ष और संबंधित बीडीपीओ, संबंधित सचिव नगरपालिका व संबंधित कनिष्ठ अभियंता नगर योजनाकार को सदस्य बनाया गया है।

chat bot
आपका साथी