खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए लहराए तिरंगे

ओलिपिक की शुरुआत होने के साथ ही भारतीय खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई में कर्ण नगरी तिरंगे हाथ में लेकर खड़ी हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 06:26 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 06:26 AM (IST)
खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए लहराए तिरंगे
खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई करते हुए लहराए तिरंगे

जागरण संवाददाता, करनाल: ओलिपिक की शुरुआत होने के साथ ही भारतीय खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई में कर्ण नगरी तिरंगे हाथ में लेकर खड़ी हो गई। व्यापारियों, वकीलों, समाजसेवियों व बुद्धिजीवियों ने अलग अलग जगह तिरंगा लहराया और खिलाड़ियों की जीत की कामना की। उन्होंने कहा कि देश के खिलाड़ी हमारी झोली पदकों से भर देंगे। इससे प्रत्येक देशवासी का सिर गर्व से ऊंचा होगा। पुरानी सब्जी मंडी चौक पर तिरंगे को नमन

शहर के व्यापारी सुबह ही प्रतिष्ठानों से बाहर आ गए। पुरानी सब्जी मंडी चौक पर व्यापार मंडल के प्रधान कृष्ण लाल तनेजा के नेतृत्व में व्यापारियों ने हाथ में ध्वज लेकर नेहरू पैलेस मार्केट का चक्कर लगाया। पुरानी सब्जी मंडी चौक पर जाकर ध्वज लहराते हुए खिलाड़ियों की जीत की कामना की। तनेजा ने कहा कि पिछली बार से ज्यादा पदक इस बार खिलाड़ी जीतकर आएंगे। कोरोना काल में ओलिपिक देगा नई ऊर्जा : जटैन

लायर्स चैंबर कांप्लेक्स में वरिष्ठ अधिवक्ता जगमाल सिंह जटैन ने खिलाड़ियों के सम्मान में तिरंगा लहराया। उन्होंने कहा कि कोरोना से पूरा विश्व जूझ रहा है। इस समय में ओलिपिक में खिलाड़ियों का संघर्ष और उनका जज्बा पूरे विश्व में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा। खिलाड़ियों से कभी हार नहीं मानने की नसीहत लेनी चाहिए। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष चांदवीर मंढाण, सुरजीत मंढाण व गौरव मौजूद रहे। समाजसेवियों व दुकानदारों ने की जीत की कामना

कुंजपुरा रोड पर समाजसेवी नीरज सिगला के नेतृत्व में दुकानदारों व समाजसेवियों ने भारतीय खिलाड़ियों की जीत की कामना की और राहगीरों से भी खिलाड़ियों के सम्मान में अपने अपने घर व प्रतिष्ठान पर ध्वज लहराने का आह्वान किया। नीरज सिगला ने कहा कि यह खिलाड़ी पूरे देश को एकता के सूत्र में पिराते हैं। संजय, गुलाब, नीरज, अरुण व प्रवीण मौजूद रहे। डीएवी कालेज में लहराया तिरंगा

डीएवी कालेज में प्रिसिपल डा. रामपाल सैनी ने भारतीय खिलाड़ियों के सम्मान में ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि ओलिपिक में जाने के लिए खिलाड़ियों ने अथक मेहनत की है। अब मेहनत का रंग गोल्ड मेडल के रूप में आएगा तो पूरा देश खुशी से झूम उठेगा।

बार एसोसिएशन में लहराया तिरंगा

जिला बार एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों के सम्मान में तिरंगा लहराया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष कंवरप्रीत सिंह भाटिया के नेतृत्व में वकीलों ने ध्वज लहराया। अध्यक्ष ने कहा कि खिलाड़ी पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन करने के साथ ही तिरंगा लहराते हैं। सभी को उनका हौसला बढ़ाना चाहिए।

chat bot
आपका साथी