आस्ट्रेलिया की जेल से रिहा होने पर करनाल पहुंचा विशाल जूड का जोरदार स्वागत

आस्ट्रेलिया की जेल से रिहा होने के बाद विशाल जूड रविवार को करनाल पहुंचा जहां उसका जोरदार स्वागत किया गया

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 07:15 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 07:15 AM (IST)
आस्ट्रेलिया की जेल से रिहा होने पर करनाल पहुंचा विशाल जूड का जोरदार स्वागत
आस्ट्रेलिया की जेल से रिहा होने पर करनाल पहुंचा विशाल जूड का जोरदार स्वागत

जागरण संवाददाता, करनाल : आस्ट्रेलिया की जेल से रिहा होने के बाद विशाल जूड रविवार को करनाल पहुंचा, जहां उसका जोरदार स्वागत किया गया। इससे परिवार, रोड व अन्य समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। करनाल पहुंचते ही उसे शहर के बीच से विशाल जुलूस के साथ रोड धर्मशाला में लाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उसे फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान भारत देश के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई तो युवाओं के हाथों में सैंकड़ों तिरंगे लहराते रहे। विशाल जूड के साथ दिल्ली एयरपोर्ट से ही उनके पिता नाथी राम के अलावा रिश्तेदार व बड़ी संख्या में अन्य लोग शामिल रहे। इस दौरान खालीस्तान के विरोध में भी नारेबाजी की गई। उपप्रधान राजकुमार, राजेंद्र आर्य दादूपुर, कुलदीप राणा गोंदर, वीरेंद्र अहर, नीरज, सुखबीर गुंदियाना, कुलदीप टूर्ण, संदीप राणा, नवीन बतरा, अमरीश राणा, पवन ढाकला, रणबीर लाठर सहित अन्य लोगों ने विशाल का स्वागत किया। डीएसपी पद पर नियुक्ति व सुरक्षा दे सरकार : नसीब सिंह

रोड सभा के प्रधान नसीब सिंह कारसा ने इस दौरान कहा कि विशाल जूड ने विदेशी धरती पर अपनी जान की परवाह किए बिना ही अपने देश व तिरगे के सम्मान के लिए विरोधियों से भिड़ गए थे। उसे वहां साजिश का शिकार बनाया गया और जेल में भी रहना पड़ा। इतना साहसिक कार्य देशभक्त ही कर सकता है। आज विशाल हर युवा के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गया गया है। उसे सरकार को डीएसपी पद पर नियुक्त करना चाहिए, ताकि युवाओं में देशभक्ति की भावना बढ़ सके। प्रधान नसीब सिंह ने कहा कि यह हर विधायक, सांसद व मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा किए गए प्रयास व हर समाज के लोगों द्वारा किए गए संघर्ष का परिणाम है कि आज विशाल अपनी धरती पर सलामत पहुंच सका है। उसके यहां भी सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए। हर व्यक्ति का रहूंगा ऋणि : विशाल

जोरदार स्वागत से गदद विशाल जूड ने कहा कि उसकी रिहाई के लिए हर समाज के लोगों के साथ-साथ प्रदेश के राजनीतिक लोगों द्वारा भी भरसक प्रयास किए गए। उन्हें ये प्रयास देख उम्मीद जगी थी कि जल्द रिहा हो जाएंगे। विशाल ने कहा कि उस पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद थे, जो जांच में भी साबित हो गए हैं। कुछ लोग वहां खालीस्तान के नारे लगाते हुए भारत व तिरंगे का अपमान करने लगे थे, जिसे वह सहन नहीं कर सका। हर भारतीय को अपने देश व तिरंगे के सम्मान के लिए हर समय आगे रहना चाहिए। विशाल ने कहा कि अभी वह यहीं रहेगा और मौका मिलेगा तो दोबारा आस्ट्रेलिया जरूर जाएगा।

बेटा कलेजे से लगा तो मिला सुकून : नाथी राम

नाथी राम का कहना था कि बेटा विशाल जूड जब तक जेल में रहा तो वे हर दिन उसकी रिहाई की उम्मीद में काटते रहे। हर व्यक्ति जब उसकी रिहाई को लेकर मुहिम में शामिल हो गया और विधायक से लेकर सांसद व मुख्यमंत्री भी प्रयास करने लगे तो उन्हें उम्मीदी हो गई थी कि वह जल्द रिहा होगा। दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद जब विशाल गले से लगा तो सुकून मिल पाया। उन्होंने सभी का आभार जताया।

chat bot
आपका साथी