बरसात ने उड़ाई किसानों की नींद, मंडी में भीगा अनाज

मौसम का बदलता मिजाज किसानों पर भारी पड़ रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 06:49 AM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 06:49 AM (IST)
बरसात ने उड़ाई किसानों की नींद, मंडी में भीगा अनाज
बरसात ने उड़ाई किसानों की नींद, मंडी में भीगा अनाज

जागरण संवाददाता, करनाल : मौसम का बदलता मिजाज किसानों पर भारी पड़ रहा है। रविवार सुबह व दिन के समय बूंदाबांदी के बाद किसानों ने कुछ राहत की सांस ली थी, लेकिन शाम ढलने के साथ ही मौसम ने फिर अपना रंग बदला और बरसात शुरू हो गई। इसके चलते फसल कटाई में लगे किसान और मंडी में फसल बेचने की इंतजार में खड़े किसानों के चेहरे मायूसी से उतर गए। ऊपर से चिता की बात यह है कि 18 अक्टूबर को भी बरसात होगी और मंडी भी इस दिन बंद रहेगी। इसके चलते यदि बरसात होती है तो किसानों को अपनी फसल को सुरक्षित रखने के लिए मशक्कत करनी होगी। हालांकि किसान फसल को सुरक्षित करने के लिए तिरपाल लेकर आए हैं। जबकि मंडी में सरकारी खरीद एजेंसियों द्वारा खरीदी गई धान खुले में या बोरियों में भीगती रही। जबकि इस स्थिति से वाकिफ होने के बाद भी मंडी में कोई अधिकारी फसल सुरक्षित करने की चिता को लेकर नहीं पहुंचा।

रविवार को करनाल का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता 100 फीसदी रही। बरसात की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जो तापमान बरसात से पहले 35 डिग्री के आसपास था। वह गिरकर 26 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके साथ ही करनाल में बरसात नौ एमएम दर्ज की गई। मौसम में तरावट भले ही आ गई हो, लेकिन यह मौसम का मिजाज किसानों के लिहाज से खराब है। क्योंकि इससे उनकी फसल खराब होने का खतरा है। शाम के समय बरसात शुरू होने के साथ ही जिले की मंडियों में अपनी फसल बेचने आए किसानों के सामने नई मुसीबत खड़ी हो गई। क्योंकि एक तो पहले ही फसल बेचने के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ रहा है और दूसरा अब बरसात से फसल बचाने की चिता भी आ गई। जो किसान अपने साथ तिरपाल लेकर आए थे तो उन्होंने तुरंत इसका इस्तेमाल किया। लेकिन जिनके पास तिरपाल नहीं थी, उनके फसल को भीगते हुए देखने के अलावा कोई दूसरा चारा भी नहीं था। वह बस प्रशासन की व्यवस्था को कोसती हुए नजर आए। यह स्थिति करनाल अनाज मंडी, तरावड़ी, नीलोखेड़ी, निसिग, इंद्री मंडी सहित अन्य मंडियों में बने रहे। मौसम विभाग की संभावना किसानों की चिता और बढ़ा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी आसमान में बादल छाने और हल्की बरसात की संभावना है।

chat bot
आपका साथी