जलभराव को लेकर नाराजगी, लगाया जाम

पानी की निकासी ना होने से नाराज बड़ौता गांव के ग्रामीणों ने करनाल रोड जाम कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 07:45 AM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 07:45 AM (IST)
जलभराव को लेकर नाराजगी, लगाया जाम
जलभराव को लेकर नाराजगी, लगाया जाम

संवाद सहयोगी, घरौंडा : पानी की निकासी ना होने से नाराज बड़ौता गांव के ग्रामीणों ने करनाल-मुनक रोड पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बड़े-बड़े पाइप सड़क के बीच में डाल दिए और करीब तीन घंटे तक जाम लगाए रखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाया तो ग्रामीणों ने जाम खोला।

रास्ता रोकने वाले ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव व निकासी न होने की वजह से उनकी करीब छह सौ एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। वे दर्जनों बार अधिकारियों को निकासी के प्रबंधों के बारे में शिकायत कर चुके है, बावजूद इसके उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। वीरवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बड़ौता गांव के ग्रामीणों ने करनाल-मुनक रोड़ जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बड़ौता गांव बीते करीब चालीस वर्षो से निकासी की समस्या से जूझ रहा है। हर साल जलभराव के कारण उनकी गेहूं, धान व अन्य फसलें खऱाब हो जाती है। खेतों में कई-कई फुट पानी जमा होने से फसल बुआई पर हुआ उनका खर्च भी पानी की भेंट चढ़ चुका है।

किसानों ने आरोप लगाया कि वे दर्जनों बार प्रशासन व अधिकारियों से निकासी के प्रबंध किए जाने के लिए गुहार लगा चुके हैं। उन्होंने पहले भी कई बार इसी मुद्दे को लेकर रोड जाम किया है। हर बार अधिकारी आश्वासन देकर चले जाते हैं लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। किसानों व जाम लगाए बैठे ग्रामीणों ने बताया कि निकासी न होने के कारण हालत इस कदर बिगड़ चुके हैं कि उनके घरों तक में पानी घुस चुका है। जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की। प्रशासन की तरफ से मिले आश्वासन के बाद ग्रामीण जाम खोलने पर राजी हुए।

chat bot
आपका साथी