समय पर किया गन्ने का भुगतान : मनीष

जागरण संवाददाता, करनाल : सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने मंगलवार को सहकारी चीनी मिल के पे

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Nov 2018 07:56 PM (IST) Updated:Wed, 14 Nov 2018 01:41 AM (IST)
समय पर किया गन्ने का भुगतान : मनीष
समय पर किया गन्ने का भुगतान : मनीष

जागरण संवाददाता, करनाल : सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने मंगलवार को सहकारी चीनी मिल के पेराई सत्र का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष प्रदेश की सभी 10 सहकारी मिलों और एक हैफेड चीनी मिल ने 500 लाख क्विंटल गन्ना पिराई कर एक रिकॉर्ड बनाया। किसानों के खेत में खड़े एक-एक गन्ने के लिए उसकी पेराई की गई, यही नहीं किसानों को समय पर उनके गन्ने का भुगतान भी किया।

उन्होंने बताया कि अब प्रदेश की सभी मिलों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इस पर सरकार 1100 करोड़ खर्च करेगी। करनाल सहकारी चीनी मिल की प्रतिदिन की गन्ना पेराई की मौजूदा 22000 की क्षमता को बढ़ाकर 35000 क्विंटल किया जाएगा। मिल के नवीनीकरण के बाद इस क्षमता को 50 हजार क्विंटल तक बढ़ाए जाने की योजना है। उन्होंने बताया कि इस कार्य की तकनीकी बिड खोली जा चुकी है। इसके बाद फाइनेंशियल बिड खुलकर उच्च अधिकार समिति के पास कार्य के रेट अनुमोदन के लिए भेजे जाएंगे और फिर कार्य के टेंडर होंगे, जो चालू साल के अंत तक होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इन उपायों से किसानों को फायदा होगा, उनकी जेब में अधिक पैसा जाएगा।

मंत्री ने जिला के सदरपुर गावं के किसान जूर हसन को गत सीजन में सर्वाधिक 48 हजार 720 क्विंटल गन्ना मिल में सप्लाई करने के लिए सम्मानित किया। इसी प्रकार बड़ागांव के किसान तिलकराज को भी 25,760 क्विंटल गन्ना सप्लाई करने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त आज मिल में पिराई के लिए सबसे पहले गन्नों से भरे ट्रक, ट्राली तथा बुग्गी लाने वाले क्रमश: घीड़ के रामपाल, शेखपुरा के दयानंद तथा फुसगढ़ के जगमीत ¨सह को भी सम्मानित किया गया।

हरियाणा शुगर फेडरेशन के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश कथूरिया ने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार किसानों के हित के लिए गंभीर है। पिछली सरकारों ने किसानों की इस मांग को लेकर उन्हे भ्रमित किया और मात्र पत्थर लगाने के अलावा कुछ नहीं किया, लेकिन वर्तमान हरियाणा सरकार किसान, मजदूर की सरकार है और किसानों की पीड़ा समझती है।

सहकारी चीनी मिल के एमडी निर्मल नागर ने बताया कि इस वर्ष मिल एरिया में गन्ने का रकबा 20 हजार 253 एकड़ है, जिसमे 94 प्रतिशत से ज्यादा अगेती किस्मों का गन्ना है।

इस अवसर पर पानीपत के वरिष्ठ भाजपा नेता नीतिसेन भाटिया, सहकारी चीनी मिल के तकनीकी सलाहकार अशोक मलिक मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी