राफेल मामले पर कांग्रेस नेता व राहुल गांधी मांगे देश से माफी : सांसद संजय भाटिया

राफेल मामले पर कांग्रेस द्वारा बार-बार भाजपा सरकार पर झूठे आरोप लगाए जाने के विरोध में महर्षि वाल्मीकि चौक पर सांसद संजय भाटिया की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Nov 2019 07:30 AM (IST) Updated:Sun, 17 Nov 2019 07:30 AM (IST)
राफेल मामले पर कांग्रेस नेता व राहुल गांधी मांगे देश से माफी : सांसद संजय भाटिया
राफेल मामले पर कांग्रेस नेता व राहुल गांधी मांगे देश से माफी : सांसद संजय भाटिया

जागरण संवाददाता, करनाल : राफेल मामले पर कांग्रेस द्वारा बार-बार भाजपा सरकार पर झूठे आरोप लगाए जाने के विरोध में महर्षि वाल्मीकि चौक पर सांसद संजय भाटिया की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

सांसद संजय भाटिया ने कहा कि कांग्रेसी नेता एवं राहुल गांधी राफेल पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे थे, लेकिन देश की सर्वोच्च न्यायपालिका ने राफेल मामले पर भाजपा सरकार को क्लीन चिट देकर कांग्रेस की सभी याचिकाओं को खारिज किया है जोकि एक स्वागत योग्य फैसला है। सर्वोच्च न्यायालय ने अपने निर्णय में इस मामले पर जांच की मांग को बेवजह तथा गैर-जरूरी बताया है। राफेल खरीद प्रक्रिया को सही और पारदर्शी बताने का फैसला सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिसंबर 2018 में पहले भी दिया जा चुका है। इस मामले पर कांग्रेस पार्टी पहले भी अदालत में मुंह की खा चुकी है और आज फिर सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद उसका झूठ उजागर हुआ है।

भाजपा जिलाध्यक्ष जगमोहन आनंद ने कहा कि देश की रक्षा से जुड़े इस अहम मसले पर कांग्रेस पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले लगातार झूठ बोलकर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश की। उस दौरान राहुल गांधी ने न सिर्फ राफेल खरीद पर बेबुनियाद सवाल खड़े किए बल्कि संसद सहित अनेक सार्वजनिक मंचों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी मर्यादाहीन शब्दों का प्रयोग किया। कांग्रेस पार्टी ने इस निराधार मसले पर संसद की पूरी कार्यवाही तक को बाधित किया, जिसका उपयोग देश की आम जनता के हित में होता। इस मामले पर कांग्रेस का यह चरित्र एक बार फिर उजागर हुआ है कि उन्हें देशहित से अधिक अपना राजनीतिक स्वार्थ प्यारा है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। कार्यकर्ताओं की यह भावना है कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी को मर्यादाहीन राजनीति करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।

इस दौरान घरौंडा विधायक हरविन्द्र कल्याण, पूर्व विधायक बख्शीश सिंह, पूर्व विधायक भगवानदास कबीरपंथी, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सुखीजा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, एडवोकेट शमशेर सिंह नैन, योगिद्र राणा, राजबीर शर्मा, केश कला बोर्ड वाईस चेयरमैन यशपाल ठाकुर, पार्षद मेघा भंडारी, पार्षद वीर-विक्रम, पार्षद मुकेश अरोड़ा, जयपाल शर्मा, ओमप्रकाश अरोड़ा, नरेन्द्र पंडित, मंडल अध्यक्ष प्रवीन लाठर व दीपक गुप्ता मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी