करनाल लोकसभा क्षेत्र से मैदान में आए 33 प्रत्याशी

लोकसभा चुनाव का दंगल पूरी तरह से खुल गया है। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन 22 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 24 Apr 2019 01:59 AM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2019 06:32 AM (IST)
करनाल लोकसभा क्षेत्र से मैदान में आए 33 प्रत्याशी
करनाल लोकसभा क्षेत्र से मैदान में आए 33 प्रत्याशी

जागरण संवाददाता, करनाल : लोकसभा चुनाव का दंगल पूरी तरह से खुल गया है। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन 22 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही कुल प्रत्याशियों की संख्या 33 हो गई है। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार 10 प्रत्याशी ज्यादा सामने आए हैं। हालांकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 26 अप्रैल है। इसके बाद ही यह तय होगा कि चुनाव लड़ने के लिए अंतिम कितने प्रत्याशी रहते हैं। पिछले चुनाव के दौरान भी महज एक ही प्रत्याशी ने नाम वापस लिया था।

मंगलवार को इंडियन नेशनल लोकदल से धर्मबीर सिंह, इनके कवरिग कैंडिडेट वरूण सिंह, आम आदमी पार्टी से कृष्ण अग्रवाल ने डबल पर्चा व इनकी कवरिग अभ्यर्थी सारिका अग्रवाल ने नामाकंन भरा। इंडियन नेशनल कांग्रेस से कुलदीप शर्मा ने अभ्यर्थी के लिए और कवरिग कैंडिडेट के लिए चाणक्य शर्मा ने पर्चे भरे। सामाजिक न्याय पार्टी से विक्की चनालिया, राष्ट्रीय मजदूर विकास पार्टी से कुलदीप, राष्ट्रीय गरीब दल से तिलक राज, भारत प्रभात पार्टी से राजेश कुमार तथा भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से ओमप्रकाश ने भी नामाकंन भरे। इसी प्रकार जय जवान जय किसान पार्टी से अनिल कुमार, प्रबुद्धा रिपब्लिकेशन पार्टी से रीना तथा आपकी अपनी पार्टी(पिपुल्स) से अंकुर ने नामाकंन दाखिल किए। आजाद प्रत्याशी के तौर पर रामजी, बिशन सिंह, दिनेश शर्मा, अनुराधा, कमलेश, संदीप राठी व जगदीश ने पर्चे भरे।

संपत्ति में कुलदीप, भाटिया व अग्रवाल पर भारी धर्मबीर

इनेलो के धर्मबीर सिंह संपत्ति के मामले में भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया, कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा और आप-जजपा प्रत्याशी कृष्ण अग्रवाल पर भारी है। उन्होंने अपनी चल संपत्ति करीब 1 करोड़ 63 लाख व 8 करोड़ 25 लाख रुपये की अचल संपत्ति दर्शाई है। उन पर 17 लाख 35 हजार रुपये का ऋण है। 4 लाख 50 हजार रुपये की कार है। जबकि उनकी पत्नी के नाम 1 करोड़ 20 लाख रुपये की चल संपत्ति व 1 करोड़ 25 लाख रुपये की अचल संपत्ति है। उन पर 35 लाख 20 हजार रुपये का ऋण है।

संपत्ति के मामले में पत्नी से कमतर है कुलदीप शर्मा

कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा संपत्ति के मामले में अपनी पत्नी नीलम शर्मा से कमतर हैं। कुलदीप शर्मा की चल संपत्ति एक करोड़ 99 लाख, 81 हजार, 174 रुपये व अचल संपत्ति की कीमत छह करोड़ है। जबकि उनकी पत्नी नीलम शर्मा की चल संपत्ति दो करोड़ 53 लाख 74 हजार रुपये हैं और अचल संपत्ति 80 लाख रुपये है। कुलदीप शर्मा के पास दो कार हैं। उनके पास किलोग्राम सोना भी है। उनकी पत्नी के पास एक कार है और एक किलो 150 ग्राम सोना है। शर्मा पर 10 लाख 11 हजार रुपये का कार लोन भी है।

भाटिया को देना है ढाई लाख का कर्जा

संजय भाटिया ने अपने नोमिनेशन में चल संपत्ति के रूप में 9 लाख 49 हजार 814 रुपये और अपनी पत्नी के नाम 12 लाख 94 हजार 29 रुपये की चल संपत्ति दर्शाई थी। इसके अतिरिक्त भाटिया ने बैंक से 2 लाख 50 हजार रुपये अपने नाम तथा इतनी ही राशि का ऋण अपनी पत्नी के नाम लेना भी डिक्लेयर किया है। वाहन के तौर पर उनकी पत्नी के नाम पर एक स्कूटर है। इसके अलावा उनके पास कोई वाहन नहीं है। उनका कोई अपराधिक रिकार्ड भी नहीं है। करनाल में अब तक चार प्रत्याशियों ने ही नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने 20 अप्रैल को नामांकन दाखिल किया था।

अग्रवाल भी कमतर नहीं

आप-जजपा गठबंधन के प्रत्याशी कृष्ण अग्रवाल ने शपथ पत्र में चल संपत्ति 18 लाख 86 हजार व अचल संपत्ति 3 करोड़ 82 लाख 59 हजार रुपये दर्शाई थी। उन्होंने अपना ऋण 43 लाख 44 हजार दिखाया है। जबकि नामाकंन में पत्नी के नाम 22 लाख 29 हजार चल संपत्ति और 47 लाख 95 हजार अचल संपत्ति दर्शाई थी। उन्होंने 22 अप्रैल को नामांकन दाखिल किया था।

chat bot
आपका साथी