धोखाधड़ी कर कपड़ा व्यापारी के बैंक अकाउंट से 2.22 लाख हड़पने के दो आरोपित गिरफ्तार

शहर के एक कपड़ा व्यापारी के साथ धोखाधड़ी करते हुए 2 लाख 22 हजार की धोखाधड़ी की थी।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 06:45 AM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 06:45 AM (IST)
धोखाधड़ी कर कपड़ा व्यापारी के बैंक अकाउंट से 2.22 लाख हड़पने के दो आरोपित गिरफ्तार
धोखाधड़ी कर कपड़ा व्यापारी के बैंक अकाउंट से 2.22 लाख हड़पने के दो आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, कैथल : शहर के एक कपड़ा व्यापारी के साथ धोखाधड़ी करते हुए 2 लाख 22 हजार रुपये की राशि हड़पने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से नकदी, खरीदे गए उपकरण व मोबाइल बरामद किया है। दोनों आरोपितों में से एक आरोपित व्यापारी की दुकान पर काम करता था। इस वारदात का खुलासा करते हुए डीएसपी विवेक चौधरी ने महिला पुलिस थाने में पत्रकारवार्ता के दौरान बताया कि 14 जून 2021 को माडल टाउन निवासी कृष्ण गोपाल की शिकायत पर केस दर्ज किया था। आरोप था कि 31 मार्च को उसने उज्जीवन बैंक की पासबुक प्रिट करवाई तो इसमें से 2 लाख 22 हजार रुपये इंटरनेट बैंकिग के माध्यम से निकले मिले। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। स्पेशल साइबर अपराध शाखा के प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार की टीम ने खानपुर गांव निवासी महेंद्र कुमार व अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने ये किया खुलासा

डीएसपी ने बताया कि आरोपित महेंद्र कुमार आठवीं पास है, जो शिकायतकर्ता कृष्ण की तलाई बाजार स्थित कपड़े की दुकान पर सेल्समैन की नौकरी करता था, जो एंड्रायड मोबाइल फोन पर यूट्यूब के माध्यम से बिटकाइन व सस्ता सोना, फोन हैकिग से धोखाधड़ी करने बार जानकारी हासिल करता था। आरोपित द्वारा शिकायतकर्ता के बैंक की स्टेटमेंट जांच कर कस्टमर आइडी नोट करने के बाद नकदी हड़पने की योजना बनाई। इस कार्य में अपने दोस्त गांव के ही अमित कुमार को शामिल किया। आरोपित महेंद्र ने व्यापारी के फोन का क्यूआर कोड की माध्यम से अपने फोन से पेयर कर लिया। इसके बाद जो मैसेज कृष्ण कुमार के फोन पर आते थे, वहीं मैसेज महेंद्र के फोन पर भी आने लगे। 28 मार्च को दोनों आरोपितों ने महेंद्र के फोन पर उज्जीवन बैंक की एप में व्यापारी की कस्टमर आइडी डालकर पासवर्ड फोरगेट कर लिया। इसके बाद ओटीपी के माध्यम से शिकायतकर्ता के खाते में लागइन कर लिया। आरोपितों द्वारा 2 लाख 22 हजार रुपये खाते से ट्रांसफर कर काइनस्वीच क्रिप्टो करंसी एक्सचेंज पर बिटकाइन खरीद लिए। अगले दो दिनों में बिट्टकाइन बेचकर नकदी पेटीएम बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर ली। हड़पी गई नकदी से खरीदा सामान

आरोपितों ने हड़पी गई नकदी से 20 हजार 300 रुपये का मोबाइल फोन, 30 हजार का एसी, नेपाल, भूटान व पश्चिम बंगाल घूमने के लिए रेलवे का टिकट खरीदा। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से खरीदा गया सामान, एक लाख 60 हजार की नकदी बरामद की है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब तक इस तरह के मामलों में 11 लाख आठ हजार 500 रुपये की नकदी बरामद कर 20 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।

chat bot
आपका साथी