सभी पुलिस थानों में शुरू किए महिला हेल्प डेस्क : सुनीता सैनी

महिला पुलिस थाना एसएचओ सब इंस्पेक्टर सुनीता सैनी ने कहा कि महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह से गंभीर है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 06:00 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 06:00 AM (IST)
सभी पुलिस थानों में शुरू किए महिला हेल्प डेस्क : सुनीता सैनी
सभी पुलिस थानों में शुरू किए महिला हेल्प डेस्क : सुनीता सैनी

जागरण संवाददाता, कैथल : महिला पुलिस थाना एसएचओ सब इंस्पेक्टर सुनीता सैनी ने कहा कि महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह से गंभीर है। उनकी सुविधा को देखते हुए अब महिला थाना पुलिस के साथ-साथ दूसरे पुलिस थानों में भी महिला हेल्प डेस्क की सुविधा शुरू की गई है। यहां महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकती हैं। यह इसलिए भी शुरू किया गया है, ताकि दूर-दराज के गांव से महिला पुलिस थाना में आने वाली महिलाओं को दिक्कत न आए। कई बार रात के समय दूर के गांव से महिलाएं थाना में शिकायत लेकर पहुंचती हैं। महिलाओं को आने-जाने में काफी दिक्कत आती है। इसे देखते हुए विभाग की तरफ से अब दूसरे थानों में भी यह सुविधा शुरू की गई है। एसएचओ सुनीता सैनी शनिवार को दैनिक जागरण के जिला कार्यालय में आयोजित हेलो जागरण कार्यक्रम में पहुंची। एक घंटे में 25 के करीब महिलाओं ने फोन करके अपनी शिकायतें दर्ज करवाई। एसएचओ ने कई शिकायतों का निपटारा फोन पर ही किया और कई शिकायतों पर जल्द ही उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

प्रश्न : कुछ दिन पहले शहर के हिद सिनेमा रोड पर लड़की से मोबाइल फोन छीनने की घटना हुई थी, आज तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई।

-निर्वतमान पार्षद, मोहन लाल।

उत्तर : इस मामले को सिटी थाना पुलिस की टीम देख रही है। सिटी थाना प्रभारी के संज्ञान में लाया जाएगा।

प्रश्न : सीवन राजकीय कन्या स्कूल के पास कुछ युवक स्कूल लगने व छुट्टी के समय आकर खड़े हो जाते हैं। इससे छात्राओं को परेशानी आती है। इस तरफ ध्यान दिया जाए।

- कुसुम निवासी सीवन व अध्यापिका अंजलि।

उत्तर : इस बारे में दुर्गा शक्ति की टीम को भेजा जाएगा। स्कूल में सुबह आने व छुट्टी के समय में दुर्गा शक्ति की टीम दौरा करेगी। छात्राओं को किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

प्रश्न : सीवन से कैथल बस अड्डा तक पहले रोडवेज बस चलती थी, अब बंद हो गई है। इससे छात्राओं को काफी परेशानी आ रही है। इस तरफ ध्यान दिया जाए।

सुमन देवी, सीवन निवासी।

उत्तर : इस बारे में रोडवेज महाप्रबंधक से बातचीत करते हुए संज्ञान में लाया जाएगा।

प्रश्न : राम नगर में शराब का ठेका है। यहां शराब पीकर कुछ लोग हुड़दंग करते हैं, इससे महिलाओं व युवतियों को यहां से निकलते समय काफी दिक्कत होती है।

- श्याम लाल, कैथल।

उत्तर : इस बारे में अनाज मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज से बात कर वहां पुलिस की गश्त करवाई जाएगी। इस तरह की कोई समस्या है तो उसे दूर करवाया जाएगा।

प्रश्न : महिलाओं व युवतियों के साथ कोई आपराधिक घटना होती है तो कहां शिकायत करें।

-संगीता निवासी सीवन।

उत्तर : महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग की तरफ से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। 1091, 112 नंबर पर काल कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।

chat bot
आपका साथी