कल के भारत बंद को लेकर पुलिस सतर्क : एसपी

संयुक्त किसान मोर्चा व अन्य किसान संगठनों द्वारा केन्द्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ 27 सितंबर को भारत बंद के आह्वान को लेकर पुलिस भी सतर्क हो गई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 08:21 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 08:21 AM (IST)
कल के भारत बंद को लेकर पुलिस सतर्क : एसपी
कल के भारत बंद को लेकर पुलिस सतर्क : एसपी

जागरण संवाददाता, कैथल : संयुक्त किसान मोर्चा व अन्य किसान संगठनों द्वारा केन्द्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ 27 सितंबर को भारत बंद के आह्वान को लेकर पुलिस भी सतर्क हो गई है। एसपी लोकेंद्र सिंह ने कहा कि विभिन्न स्थान निर्धारित करके पुलिस कर्मचारी व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वाहनों का सुचारू आवागमन व निर्बाध यातायात व्यवस्था कायम रखने की व्यवस्था की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर रूट डायवर्ट करके वाहनों का सुचारु आवागमन जारी रखा जाएगा। बंद की आड़ में उपद्रव करने वाले संदिग्ध वाहनों व असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जाएगी। इस दौरान किसी को हथियार, लोहा राड, हाकी, बैट, स्टीक, लाठी, डंडा लेकर नहीं चलने दिया जाएगा।

एसपी ने बताया कि अतिरिक्त किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए महिला व पुरुष पुलिस रिजर्व का गठन किया गया है। बलों की तैनाती दंगारोधी साजो सामान के साथ की गई है। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग या रोड जाम की संभावना के मद्देनजर ट्रैफिक डायवर्ट की भी अलग से व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों को चिन्हित करके नाका लगाए गए हैं। उक्त आवाहन के दौरान असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की संभावना को देखते हुए वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी साथ में की गई है। विभिन्न स्थानों पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, क्रेन वाहन व वाटर कैनन गाड़ियों को तैनात किया गया है, जिन पर वाकी-टाकी सैट सहित विशेष रूप से एक-एक पुलिस कर्मचारी की भी ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस की सहायता ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। सड़क के आसपास होटल-ढ़ाबों पर कोई संदिग्ध वाहन खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।

भारत बंद में बढ़-चढ़कर भाग ले किसान : बलवान पाई

संवाद सहयोगी, पूंडरी : भारतीय किसान यूनियन की बैठक शुक्रवार को पूंडरी के किसान भवन में हुई। अध्यक्षता प्रदेश प्रचार मंत्री करतारा राम पाई ने की। मुख्य रूप से यूनियन के राष्ट्रीय सलाहकार अजीत सिंह हाबड़ी व कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बलवान पाई पहुंचे। बैठक में 27 सितंबर के भारत बंद व बे-मौसमी बारिश से किसानों की धान की फसल को हुए नुकसान पर विचार-विमर्श किया गया। अजीत सिंह हाबड़ी ने कहा कि बे-मौसमी बारिश के कारण प्रदेश में अधिकतर किसानों की फसल खराब हो चुकी है। सरकार को चाहिए कि वो विशेष गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा दे। धान का दाना काला पड़ चुका है और जो धान बचेगी उसमें नमी की मात्रा अधिक रहने की संभावना है। कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बलवान सिंह पाई ने कहा कि इस समय पूरे देश के किसान अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के बार्डरों पर डटे हुए है, लेकिन सरकार किसानों की मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही। 27 सितंबर को बुलाए गए भारत बंद में बढ़-चढ़ भाग ले। इस मौके पर ब्लाक प्रधान मांगाराम, प्रचार मंत्री पालाराम संगरोली, जगमेल सिंह, साहब सिंह हाबड़ी, काबल सिंह, रणधीर पाई, वीरभान जांबा, रघुबीर सिकंदरखेड़ी, गांधी बरसाना, जीताराम व सतपाल मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी