बरसात में सतनाम श्री वाहे गुरु के उद्घोष के साथ कार सेवा में जुटी रही सिख संगत

कार सेवा के तहत गुरुद्वारा नीम साहिब में सरोवर के तीन तरफ दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बरामदे का शुक्रवार को लेंटर डाला गया। लेंटर डालने के कार्य में जिला ही नहीं बल्कि प्रदेश भर से आई संगत ने सेवा की। बता दें कि यह वही गुरुद्वारा है जहां तीन दिन पहले ही गुरुद्वारे की कार सेवा की प्रधानी को लेकर गोलियां चली थी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 07:00 AM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 07:00 AM (IST)
बरसात में सतनाम श्री वाहे गुरु के उद्घोष के साथ कार सेवा में जुटी रही सिख संगत
बरसात में सतनाम श्री वाहे गुरु के उद्घोष के साथ कार सेवा में जुटी रही सिख संगत

जागरण संवाददाता, कैथल : कार सेवा के तहत गुरुद्वारा नीम साहिब में सरोवर के तीन तरफ दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बरामदे का शुक्रवार को लेंटर डाला गया। लेंटर डालने के कार्य में जिला ही नहीं, बल्कि प्रदेश भर से आई संगत ने सेवा की। बता दें कि यह वही गुरुद्वारा है जहां तीन दिन पहले ही गुरुद्वारे की कार सेवा की प्रधानी को लेकर गोलियां चली थी। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और अन्य पांच लोग घायल हुए थे। कार सेवा की चौधर को लेकर हुई इस घटना की चहुंओर निदा हुई, लेकिन इस घटना के बाद सिख समाज की संगत द्वारा गुरुघर में हो रहे सेवा के कार्य को लेकर जज्बा देखने को मिला। 72 घंटे पहले हुई घटना के बारे यहां कोई बात नहीं कर रहा था, बल्कि सभी के चेहरों पर सेवा का भाव था। तेज बारिश के बीच भी कार सेवा जारी रही। लेंटर डलने को लेकर आयोजित इस कार सेवा के कार्यक्रम में करीब दो हजार संगत सहयोग करने के लिए पहुंची थी। यहां पर सिख समाज के लोग श्री सतनाम श्री वाहे गुरु और जो बोले सो निहाल के उद्घोष करते हुए सेवा के कार्य में लीन हुए थे। हर श्रद्धालु द्वारा कार सेवा के कार्य के दौरान केवल श्री वाहे गुरु का जाप ही किया जा रहा था।

बाबा महेंद्र सिंह की देखरेख में हो रहा निर्माण कार्य

ऐतिहासिक गुरुद्वारा नीम साहिब परिसर में सरोवर के तीन तरफ बरामदे का निर्माण किया जाना है। इसको लेकर कई महीने पहले ही सरोवर के बरामदे के लिए जगह तैयार की गई थी। यहां पर बरामदा निर्माण के लिए पिल्लर खड़े किए गए थे। गुरुद्वारा साहिब में तीन महीने पहले ही कार सेवा के प्रधान गोपाल सिंह का देहावसान हो गया था। इसके बाद पिहोवा के बाबा महेंद्र सिंह को साध संगत ने कार सेवा की प्रधानी दी थी। इसके तहत कुछ हिस्से में तो पिछले महीने ही बरामदा का लेंटर डाल दिया गया था। बाकी बचा हुआ लेंटर शुक्रवार को पूरा किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के बंगला साहिब गुरुद्वारा की कार सेवा से बाबा बचन सिंह भी यहां पहुंचे थे। कार सेवक बाबा गुलजार सिंह ने बताया कि बाबा महेंद्र सिंह की देखरेख में यह निर्माण कार्य चल रहा है। इस पर करीब दो करोड़ रुपये की लागत आनी है। जिससे साध संगत द्वारा किया जाना है। यह निर्माण कार्य साध संगत द्वारा गुरुघर के लिए किया जा रहा है।

जोगा सिंह की मौत की वजह से टला जलेबी-शरबत का लंगर

कार सेवक बाबा गुलजार सिंह ने बताया कि गुरुघर में इस तरह के किसी भी शुभ कार्य के मौके पर संगत के लिए जलेबी, शरबत, पकोड़े और शिकंजवी का विशाल लंगर लगाया जाता है। चूंकि आठ सितंबर को कार सेवक जोगा सिंह की गोली लगने से मौत हो गई थी, इसलिए इस बार यह लंगर नहीं लगाया गया। संगत के लिए नियमित लंगर के साथ-साथ लस्सी की व्यवस्था की गई थी। पूरी सिख संगत में कार सेवा को लेकर जज्बा बरकरार है।

chat bot
आपका साथी