जल्द किया जाएगा राजीव गांधी खेल स्टेडियमों का निरीक्षण, दूर होंगी कमियां : सतविद्र गिल

खेल विभाग की तरफ से खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। कोरोना के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी हुई थी लेकिन अब आउटडोर स्टेडियम खुल चुके हैं। तय संख्या में कोरोना नियमों का पालन करते हुए खिलाड़ियों को अभ्यास करवाया जा रहा है। जिला स्तर पर विभाग के पास चौकीदारों की कमी है जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 07:57 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 07:57 AM (IST)
जल्द किया जाएगा राजीव गांधी खेल स्टेडियमों का निरीक्षण, दूर होंगी कमियां : सतविद्र गिल
जल्द किया जाएगा राजीव गांधी खेल स्टेडियमों का निरीक्षण, दूर होंगी कमियां : सतविद्र गिल

जागरण संवाददाता, कैथल : खेल विभाग की तरफ से खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। कोरोना के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी हुई थी, लेकिन अब आउटडोर स्टेडियम खुल चुके हैं। तय संख्या में कोरोना नियमों का पालन करते हुए खिलाड़ियों को अभ्यास करवाया जा रहा है। जिला स्तर पर विभाग के पास चौकीदारों की कमी है, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा। सरकार और खेल विभाग की तरफ से नेशनल और इंटरनेशनल खेलों में मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को नकद इनाम राशि भी दी जा रही है। यह कहना है जिला खेल अधिकारी सतविद्र गिल का। सप्ताह के साक्षात्कार को लेकर दैनिक जागरण के संवाददाता सुनील जांगड़ा ने जिला खेल अधिकारी से बातचीत की। पेश हैं बातचीत के कुछ अंश।

नाम : सतविद्र गिल

पद : जिला खेल अधिकारी

एजुकेशन : बीए, डीपीएड, वालीवाल में एनआइएस का डिप्लोमा

सवाल : कोरोना के कारण खिलाड़ी नियमित अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। विभाग की तरफ से क्या प्रबंध किए गए हैं ?

जवाब : खेल विभाग के निर्देशानुसार आउटडोर स्टेडियम खोले जा चुके हैं। एक समय में दस खिलाड़ियों को बुलाया जा रहा है ताकि कोरोना का खतरा ना रहे। इसके अलावा भी खेल सेंटरों पर कोरोना के सभी नियमों का पालन किया जा रहा है। उम्मीद है जल्द ही इंडोर स्टेडियम भी खुल जाएंगे।

सवाल : खेल ग्रेडेशन को लेकर कई बार खिलाड़ी विवाद कर चुके हैं विभाग के क्या प्रयास रहे हैं ?

जवाब : कुछ महीने पहले फर्जी ग्रेडेशन प्रमाण पत्र बनाए जाने का मामला सामने आया था। इस मामले की जांच विभाग के उच्च अधिकारी अपने स्तर पर कर रहे हैं। अब सी और डी ग्रेड के प्रमाण पत्र मंडल स्तर पर बनने शुरू हो चुके हैं। जिला स्तर पर आने वाले आवेदनों की पूरी जांच करने के बाद ही मंडल स्तर पर कागजात भेजे जाते हैं। कागजातों की जांच के लिए खेल प्रशिक्षकों की कमेटी भी बनाई हुई है।

सवाल : जिले में छह राजीव गांधी स्टेडियम बदहाल पड़े हैं। इनकी स्थिति सुधारने के लिए क्या प्रयास किया जा रहा है ?

जवाब : जिला खेल विभाग के पास चौकीदारों की संख्या बहुत कम है। यही कारण है कि कुछ स्टेडियमों की देखभाल नहीं हो पा रही है। जल्द ही सभी राजीव गांधी खेल स्टेडियमों का निरीक्षण किया जाएगा। जिस स्टेडियम में जो भी समस्या होगी उसके बारे में विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया जाएगा।

सवाल : करीब डेढ़ साल से खेल नर्सरियां बंद हैं। कब तक शुरू होने की उम्मीद है ?

जवाब : कोरोना के कारण डेढ़ साल से सभी खेल नर्सरियां बंद पड़ी हैं। हालांकि कुछ नर्सरी प्रशिक्षक खिलाड़ियों को आनलाइन प्रशिक्षण दे रहे हैं। नर्सरी खोलने का फैसला उच्च अधिकारियों को लेना है। विभाग की तरफ से जैसे ही निर्देश आएंगे खेल नर्सरी शुरू करवा दी जाएंगी।

सवाल : जिले में कुछ खेलों के कोच नहीं हैं उनके लिए क्या प्रयास किया जा रहा है ?

जवाब : जिला स्तर पर लगभग हर खेल का प्रशिक्षक मौजूद है। जिन खेलों के प्रशिक्षक नहीं हैं उसके बारे में विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया हुआ है। उम्मीद है जल्द ही सभी खेलों के प्रशिक्षक मिल जाएंगे।

chat bot
आपका साथी