प्रॉपर्टी सर्वे को लेकर आपत्ति दर्ज करवाने नहीं पहुंच रहे शहर के लोग

शहर में यासी कंसलटेंसी की तरफ से प्रॉपर्टी को लेकर सर्वे किया गया था। सर्वे के अनुसार करीब 74 हजार प्रॉपर्टी हैं। पांच अप्रैल से प्रॉपर्टी सर्वे में गलतियों को लेकर आपत्ति मांगी गई थी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 06:05 AM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 06:05 AM (IST)
प्रॉपर्टी सर्वे को लेकर आपत्ति दर्ज करवाने नहीं पहुंच रहे शहर के लोग
प्रॉपर्टी सर्वे को लेकर आपत्ति दर्ज करवाने नहीं पहुंच रहे शहर के लोग

जागरण संवाददाता, कैथल : शहर में यासी कंसलटेंसी की तरफ से प्रॉपर्टी को लेकर सर्वे किया गया था। सर्वे के अनुसार करीब 74 हजार प्रॉपर्टी हैं। पांच अप्रैल से प्रॉपर्टी सर्वे में गलतियों को लेकर आपत्ति मांगी गई थी। दस अप्रैल तक आपत्ति दर्ज करवानी थी, लेकिन मात्र छह लोगों ने ही आपत्ति दर्ज करवाई थी। उसके बाद नगर परिषद की तरफ से आपत्ति दर्ज करवाने को लेकर समय बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दिया गया था। अब भी नप के पास मात्र 22 लोगों ने ही आपत्ति दर्ज करवाई हैं। शहर के लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं। फिलहाल लोगों ने ऑनलाइन ही आवेदन किया हुआ है। समय पूरा होने के बाद नगर परिषद की तरफ से बनाई गई कमेटी कागजातों की जांच करेगी और मौके पर लोगों को बुलाकर उनकी गलतियां ठीक करेगी। यह कार्य पूरा होने के बाद शहर की हर प्रॉपर्टी को ऑनलाइन कर दिया जाएगा। इसके बाद शहर के लोग घर बैठे ही प्रॉपर्टी टैक्स भर सकेंगे। उन्हें इस कार्य के लिए नगर परिषद के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।

सामने आ रही हैं गलतियां

एजेंसी के सर्वे में गलतियों की भरमार है, लेकिन फिलहाल लोग सामने नहीं आ रहे हैं। कुछ घरों को एजेंसी ने दो भागों में बांट दिया है और उनकी जानकारी भी पूरी नहीं दर्ज की है। कई घरों की प्रॉपर्टी आइडी तो दी गई है, लेकिन मालिक का नाम नहीं लिखा हुआ है। घर या दुकान के एरिया को भी बढ़ाकर दिखाया गया है। सर्वे के दौरान अगर मकान मालिक नहीं मिला था तो एजेंसी के कर्मचारियों ने आधी अधूरी जानकारी दर्ज की हुई हैं। इस तरह की गलतियों का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ सकता है। जिन लोगों के कागजातों में कमी पाई जाती हैं अगर उन्हें नप की एसेसमेंट लेनी पड़ गई तो गलतियां ठीक करवाने के लिए दोबारा से फाइल तैयार करवानी पड़ेगी। अगर अब आपत्ति दर्ज करवाते हैं तो नगर परिषद की तरफ से गलतियों को ठीक किया जाएगा। प्रॉपर्टी की जानकारी को लेकर आपत्ति दर्ज करवाने का समय 30 अप्रैल तक किया जा चुका है। शहर के लोग अपनी प्रॉपर्टी की जानकारी नगर परिषद में चेक कर सकते हैं। अगर गलती है तो ऑनलाइन और ऑफलाइन आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं।

- बलबीर सिंह, ईओ नगर परिषद।

chat bot
आपका साथी