विदेशों में धाक जमा रही कैथल की बेटी मनीषा मौण

अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर मनीषा मौण जिसने अपने खेल के दम पर विदेशों में भी धाक जमाने का काम किया है। कुछ दिन पहले ही मनीषा ने जर्मनी में हुई बॉक्सिंग विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड हासिल किया था।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 06:00 AM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 06:00 AM (IST)
विदेशों में धाक जमा रही कैथल की बेटी मनीषा मौण
विदेशों में धाक जमा रही कैथल की बेटी मनीषा मौण

जागरण संवाददाता, कैथल : अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर मनीषा मौण, जिसने अपने खेल के दम पर विदेशों में भी धाक जमाने का काम किया है। कुछ दिन पहले ही मनीषा ने जर्मनी में हुई बॉक्सिंग विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड हासिल किया था। इसके अलावा भी कई बार इंटरनेशनल और नेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल हासिल किए हैं। मनीषा ने साबित कर दिया है कि बेटियां भी बेटों से कम नहीं है। करीब दस साल पहले मनीषा ने खेलना शुरू किया था। उस समय बहुत कम लड़कियां खेलों में जाती थी, लेकिन अब समय बदल गया है। अकेले बॉक्सिग में करीब 300 लड़कियां हैं और खेल सेंटरों पर अभ्यास करती हैं।

मनीषा उन लड़कियों के लिए प्रेरणा का काम कर रही है। दस साल के अपने कैरियर में मनीषा करीब 50 लाख रुपये की इनाम राशि भी जीत चुकी हैं। अब मनीषा ओलंपिक के लिए तैयारी कर रही हैं।

साल 2011 में शुरू किया था खेलना

कोच गुरमीत सिंह ने बताया कि साल 2011 में मनीषा ने अंबाला रोड स्थित आरकेएसडी बॉक्सिग खेल सेंटर में खेलना शुरू किया था। कोच राजेंद्र सिंह, गुरमीत सिंह और विक्रम ढुल ने बॉक्सिग के गुर सिखाए हैं। डिफेंस कालोनी गली नंबर नौ निवासी मनीषा के पिता कृष्ण कुमार डेढ़ एकड़ जमीन के मालिक हैं और खेती-बाड़ी से ही अपने घर का गुजारा करते हैं।

घर में मां ऊषा देवी, भाई विकास और बड़ी बहन निशा है। एक समय था जब परिवार का गुजारा करने में बड़ी परेशानियां उठानी पड़ती थी, लेकिन अब सब ठीक है। अब मनीषा खेल के दम पर जिले का ही नहीं पूरे देश का नाम रोशन कर रही है।

chat bot
आपका साथी