त्योहारी सीजन शुरू होते बाजारों में लगा जाम

फेस्टिवल सीजन में बाजारों में जाम लग रहे हैं। बाजारों में जाम लगने वाले प्वाइंटों पर अभी तक पुलिस कर्मी तैनात नहीं किए गए।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 07:33 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 07:33 AM (IST)
त्योहारी सीजन शुरू होते बाजारों में लगा जाम
त्योहारी सीजन शुरू होते बाजारों में लगा जाम

- बाजारों में जाम लगने वाले प्वाइंटों पर अभी तक तैनात नहीं किए गए पुलिसकर्मी, लोग होते परेशान

जागरण संवाददाता, कैथल : त्योहारी सीजन शुरू होते ही बाजारों में भीड़ जुटने लगी है। 24 अक्टूबर को करवा चौथ व चार नवंबर को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। जैसे ही यह पर्व नजदीक आ रहे हैं। वैसे सी बाजारों में भीड़ जुटने के साथ जाम भी लग रहा है। परंतु इस जाम की समस्या से निपटने को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कोई उचित प्रबंध नहीं किए गए हैं। जिस कारण वाहन चालक ही नहीं, बल्कि पैदल गुजरने वाले लोगों को जाम में निकलने से काफी समय लगता है। बाजार में यातायात व्यवस्था बनाने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी नहीं लगाई गई। जागरण लाइव के तहत बाजारों का दौरा किया गया। इन बाजारों में एक भी पुलिस कर्मचारी मौजूद नहीं था। जिस कारण जगह-जगह जाम लगा था और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

समय 12 बजकर 30 मिनट। कबूतर चौक। यहां पर अधिक भीड़ नहीं है। हालांकि सब्जी मंडी के मोड़ से शहीद भगत सिंह चौक मार्ग के रास्ते में वाहनों की आवाजाही अधिक है, इस समय यहां पर कोई बड़ा वाहन न होने की स्थिति में वाहन आसानी से निकल रहे थे। यहां पर जाम की स्थिति नहीं थी, परंतु यहां पर कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था।

इसके बाद दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर शहीद भगत सिंह चौक पर भी कुछ बड़े वाहन यहां से गुजर रहे थे, जिस कारण जाम की स्थिति बनी रही थी। यहां पर भी कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। चौक से रेलवे गेट व नरवानियां बिल्डिग की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों की कतार लगी थी। यहां पर भी जाम से वाहन चालक परेशान थे।

दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर रेलवे गेट से तलाई बाजार की तरफ जाने वाले रास्ते पर संकरी रास्ते पर लंबा जाम लगा था। यहां वाहन चालक तो परेशान हो ही रहे थे। बल्कि यहां से पैदल गुजरने वाले लोगों को भी यहां से निकलने के लिए काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था, क्योंकि यहां से पैदल निकलने का भी रास्ता नहीं बचा था। यहां पर जाम में फंसे मिटू शर्मा ने बताया कि त्योहार के समय बाजार में अधिक भीड़ रहती है। जिसके चलते यहां पर आटो व चार पहिया वाहन की एंट्री बंद की जानी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया जाता। जिस कारण ही जाम की परेशानी अधिक होती है।

दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर गीता भवन समीप स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बाहर बड़ी संख्या में गाड़ियां खड़ी थीं। जिस कारण यहां पर जाम की स्थिति बनी थी। यहां पर भी लंबा जाम लगा था। यहां अक्सर यही स्थिति रहती है। बता दें कि यहां पर पास में सिटी थाना स्थित है। उसके बावजूद यहां पर यातायात व्यवस्था बनाने को लेकर पुलिस कर्मी की ड्यूटी नहीं लगाई गई थी।

बाक्स :

पार्किंग न होना भी बड़ी समस्या

बता दें कि शहर में स्थित बाजार में कहीं पर भी पार्किंग का कोई प्रबंध नहीं किया गया है। यह भी शहर में बाजारों में जाम लगने का एक बड़ा कारण है। यदि शहर में पार्किंग की व्यवस्था केवल त्योहारी सीजन में भी बना दी जाए तो बाजार में खरीदारी करने के लिए पहुंचने वाले लोगों को परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।

-----------

ऐसा नहीं है कि बाजार में यातायात व्यवस्था नहीं बनाई गई है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा शहर के सभी मुख्य चौक पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटियां लगाई हैं। शहर के अंदर भीड़-भाड़ वाले बाजारों में भी जाम की स्थिति में निपटने के लिए योजना बना दी गई है। यहां पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां लगाई जाएंगी। जिससे लोगों को जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मुकेश कुमार, एसएचओ, ट्रैफिक पुलिस, कैथल।

chat bot
आपका साथी