अनाज मंडी और सब्जी मंडी के प्लाटों की रजिस्ट्री के मामले जल्द निपटाने के निर्देश

अनाज मंडी और सब्जी मंडी पूंडरी में प्लाटों की रजिस्ट्री एक साल से बंद है। दोनों मंडियों के आढ़ती इस समस्या को लेकर जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 05 Jun 2021 06:40 AM (IST) Updated:Sat, 05 Jun 2021 06:40 AM (IST)
अनाज मंडी और सब्जी मंडी के प्लाटों की रजिस्ट्री के मामले जल्द निपटाने के निर्देश
अनाज मंडी और सब्जी मंडी के प्लाटों की रजिस्ट्री के मामले जल्द निपटाने के निर्देश

संवाद सहयोगी, पूंडरी : अनाज मंडी और सब्जी मंडी पूंडरी में प्लाटों की रजिस्ट्री एक साल से बंद है। दोनों मंडियों के आढ़ती इस समस्या को लेकर जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। अभी तक भी इनकी समस्या का कोई हल नहीं हो पाया है। हालांकि डीसी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द इस समस्या के निपटान के आदेश दे दिए हैं, जिससे आढ़तियों में उम्मीद जगी है। आढ़ती वेदप्रकाश जिदल, रविकांत गर्ग, राजकुमार, विकास कुमार, सुनील कुमार, मनोज बरसाना, भारत मिगलानी, बलबीर मोहना, आशु गोयल, कृष्णलाल ने बताया कि वे अपनी समस्या को लेकर डीसी से मिले थे। डीसी ने तुरंत मार्केटिग बोर्ड के डीएमईओ से बात कर जल्द से जल्द उनकी समस्या को निपटाने की आदेश दिए थे। समस्या को लेकर विधायक रणधीर गोलन से भी मिले और उन्होंने भी विभाग के अधिकारियों से बात कर समस्या हल करने के निर्देश दिए थे। आज तक भी उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

अनाज मंडी प्रधान सतीश हजवाना ने बताया कि समस्या को लेकर वे डीसी से मिले थे। उसके बाद आढ़ती डीएमईओ से भी मिले और उन्होंने दो से तीन दिन में ही इसका समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।

तहसीलदार संजय बिश्नोई ने बताया कि उन्होंने 29 मई को ही मार्केटिग बोर्ड के अधिकारियों को लिखित पत्र जारी कर दिया था। जल्द से जल्द प्रॉपर्टी आइडी बनाकर आढ़तियों की समस्या का समाधान करें।

मार्केटिग बोर्ड के डीएमईओ अजय श्योराण ने बताया कि प्लाटों की रजिस्ट्री के लिए नगर पालिका की एजेंसी के अधिकारियों से बात की जा रही है। दो दिनों में रजिस्ट्री करवाने में आ रही तकनीकी खराबी को दूर कर दिया जाएगा। उसके बाद ही अनाज मंडी और सब्जी मंडी की रजिस्ट्रियां होना शुरू हो जाएंगी।

विधायक रणधीर गोलन ने कहा कि मामला उनकी जानकारी में है। आढ़ती उन्हें मिले भी थे और उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द से जल्द समस्या को हल करवाने के निर्देश दे दिए हैं।

chat bot
आपका साथी