अनाज मंडी में मुच्छल धान की आवक जोरों पर

अनाज मंडी में मुच्छल व 1121 धान की आवक जोरों पर है। आवक में आई तेजी के कारण मंडी के गेटों में धान की ढेरियों के अंबार लगे हैं। मंडी में पीआर धान की आवक लगभग खत्म हो चुकी है जबकि अब मुच्छल किस्म के धान की आवक में तेजी है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 06:30 AM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 06:30 AM (IST)
अनाज मंडी में मुच्छल धान की आवक जोरों पर
अनाज मंडी में मुच्छल धान की आवक जोरों पर

जागरण संवाददाता, कैथल: अनाज मंडी में मुच्छल व 1121 धान की आवक जोरों पर है। आवक में आई तेजी के कारण मंडी के गेटों में धान की ढेरियों के अंबार लगे हैं। मंडी में पीआर धान की आवक लगभग खत्म हो चुकी है, जबकि अब मुच्छल किस्म के धान की आवक में तेजी है। उसके बावजूद किसानों को समर्थन मूल्य के तहत दाम नहीं मिल पा रहे हैं। पूरे दाम नहीं मिलने के कारण मंडी में धान बेचने के लिए पहुंचे रहे किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं किसानों का कहना है कि जिस समय पीआर किस्म के धान की खरीद तेजी से हो रही थी, उस समय सरकारी एजेंसियां किसानों को धान में नमी की मात्रा कम बताकर कम भाव दे रहे थे। अब मुच्छल व 1121 किस्म के धान की खरीद आढ़तियों की ओर से अपने स्तर पर की जाती है। वे भी अपने मनमाने रेटों से धान की खरीदारी कर किसानों से भेदभाव कर रहे हैं।

दाम में आई गिरावट किसान झेल रहे

बता दें कि इस बार मुच्छल व 1121 किस्म के धान के दामों में पिछले वर्ष की अपेक्षा कमी आई है। हाथ से की गई कटाई की धान का किसानों को उचित मूल्य मिलता है, लेकिन इस बार वो भी नहीं मिल रहा है। 60 प्रतिशत तक धान की कटाई कंबाइन से हुई है, तीन हजार से चार हजार तक बिकने वाला धान इस बार दो हजार से 2500 रुपये बिक रहा है। दामों में भारी गिरावट आई है। मंडी में पहुंचे किसान रामकरण ने बताया कि वह सुबह के समय मुच्छल की किस्म का धान मंडी में बेचने के लिए लेकर पहुंचा था, लेकिन उसे पूरा दाम नहीं मिला। पिछले साल से एक हजार रुपये कम मिले। किसानों को इस बार धान के कम दाम मिलने पर काफी परेशानी आ रही है।

नियमों के तहत हो रही खरीदारी :

मंडी आढ़ती एसोसिएशन के मंडी प्रधान कृष्ण मित्तल ने कहा कि नई अनाज मंडी में 1121 और मुच्छल किस्म का धान खरीदा जा रहा है। जिस क्वालिटी का धान मंडी में आता है, उसी के मुताबिक किसानों को उसका समर्थन मूल्य दिया जाता है।

chat bot
आपका साथी