भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन

गणेश चतुर्थी को लेकर स्थापित की गई भगवान गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के कार्यक्रम रविवार को भी आयोजित किए गए। इस मौके पर जिलेभर से अलग-अलग स्थानों पर सजाए गए पंडाल के आयोजकों द्वारा नहरों में प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए पहुंचे।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 08:42 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 08:42 AM (IST)
भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन
भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन

जागरण संवाददाता, कैथल : गणेश चतुर्थी को लेकर स्थापित की गई भगवान गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के कार्यक्रम रविवार को भी आयोजित किए गए। इस मौके पर जिलेभर से अलग-अलग स्थानों पर सजाए गए पंडाल के आयोजकों द्वारा नहरों में प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए पहुंचे। आयोजकों द्वारा चंदाना, सिरसा और काकौत गांव से गुजर रही नहर में प्रतिमा का विसर्जन किया। शनिवार को प्यौदा गांव में सिरसा ब्रांच नहर में 17 वर्षीय युवक सौरभ के डूबने की घटना के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा सख्ती की गई। सभी नहरों के तटों पर पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। जहां पर भीड़ को जाने से रोका गया। यहां पर सीमित लोगों को ही गणपति की प्रतिमा का विसर्जन करने दिया गया था।

इसी कड़ी में शहर के साईं मंदिर में स्थापित की गई भगवान गणपति की प्रतिमा का विसर्जन श्रद्धा और उत्साह से किया गया। 10 दिन पहले श्रद्धालुओं द्वारा गणेश चतुर्थी के दिन गणपति की प्रतिमा को मंदिर में स्थापित किया गया। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के साथ ढोल-ढमाके से गणपति की प्रतिमा को नहर पर ले जाया गया। जहां गणपति की प्रतिमा को पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद विसर्जन किया गया। साईं मंदिर प्रबंधन समिति के प्रधान नवीन मल्होत्रा ने बताया कि भगवान गणपति की विसर्जन यात्रा से पहले समाजसेवी रमेश सचदेवा ने गणपति जी की पूजा अर्चना की। गणपति विसर्जन यात्रा के आगे श्रद्धालु पुरुष और महिलाएं भक्तिरस में झूमी। मल्होत्रा ने बताया कि जींद रोड स्थित माडल टाउन में सब्जी मंडी के व्यापारी संदीप कालरा और सुमित कालड़ा परिवार, समाजसेवी सुभाष गोयल, समाजसेवी तुलसी दास सचदेवा के सदस्यों ने गणपति जी की शोभा यात्रा का स्वागत किया। प्यौदा रोड स्थित नहर के किनारे पुजारी पंडित विकास और पंडित राजीव ने गणपति महाराज की पूजा-अर्चना करवाई।

गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना

संवाद सहयोगी, सीवन : गणपति महोत्सव के उपलक्ष्य में बौहपट्टी युवा मित्र मंडल द्वारा भगवान गणपति की प्रतिमा को 10 सितंबर को सीवन की स्वर्गद्वार धर्मशाला में स्थापित किया गया था। ऐसे ही शांति मोहल्ला में भी वहां के निवासियों द्वारा गणपति की प्रतिमा हर वर्ष की तरह स्थापित की गई थी। गणपति जी की स्थापित प्रतिमाओं का धूमधाम से नहर में विसर्जन कर दिया गया। रामनिवास शर्मा, पवन शर्मा, अमरेंद्र खारा व सागर ने बताया कि 10 दिनों तक भक्तों के बीच रहने के बाद विघ्नहर्ताअपने धाम को वापस लौटने के लिए विसर्जन के लिए चल पड़े। गणपति जी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन समारोह आयोजित

कैथल (वि) : आर्ट आफ लिविग संस्था द्वारा भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन समारोह आयोजित किया गया। जिसका शुभारंभ आचार्या अल्पना मित्तल एवं आचार्या सोनिया मिगलानी ने गणेश वंदना से किया। आचार्या डा. सीमा भटनागर ने बताया कि कपिस्थल आश्रम, कैथल में आचार्या अल्पना मित्तल एवं आचार्या सोनिया मिगलानी के सानिध्य में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। आचार्या अल्पना मित्तल ने बताया कि भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद भगवान गणेश जी के चरणों में दिव्य भजन संध्या भी आयोजित की गई। जिसमें डा. विकास भटनागर, सोनिया मिगलानी व शेफाली खुराना ने सुंदर भजन गाए। इस मौके पर दीपक सेठ एडवोकेट, कंचन सेठ, सुनील खुराना, सूरजभान शांडिल्य, पीयूष हसीजा, गीता खुराना, गुलाब, कृष्ण मिगलानी, डा. राजेश सीकरी, भारती गुप्ता व कमल कांत गांधी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी