नगर परिषद की ओर से उठान न होने के कारण शहर में लगे कचरे के ढेर
नगर परिषद की ओर से शुक्रवार को शहर से कचरे का उठान नहीं किया गया। अंबाला रोड पर दोपहर एक बजे तक भी कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए थे। खेल स्टेडियम के सामने ही कचरा डाला जा रहा है। स्टेडियम में सुबह-शाम खिलाड़ी अभ्यास करने के लिए आते हैं लेकिन नप की ओर से नियमित कचरे का उठान नहीं किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की ओर से शुक्रवार को शहर से कचरे का उठान नहीं किया गया। अंबाला रोड पर दोपहर एक बजे तक भी कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए थे। खेल स्टेडियम के सामने ही कचरा डाला जा रहा है। स्टेडियम में सुबह-शाम खिलाड़ी अभ्यास करने के लिए आते हैं, लेकिन नप की ओर से नियमित कचरे का उठान नहीं किया जा रहा है। खिलाड़ी कई बार कर्मचारियों को कचरा डालने से भी मना कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हो रहा है। कचरे का बड़ा ढेर होने के कारण वहां बेसहारा पशुओं को जमावड़ा भी रहता है। कर्मचारियों ने अंबाला रोड को ही डंपिग प्लांट बनाया हुआ है। अगर एक दिन भी वहां से कचरा ना उठे तो गंदगी का अंबार लग जाता है। अंबाला रोड पर तीन कचरा प्वाइंट बनाए गए हैं, लेकिन किसी भी कचरा प्वाइंट से कचरा नहीं उठाया गया।
अटकी है टेंडर प्रक्रिया
डोर टू डोर कचरा उठान का टेंडर ना दिए जाने के कारण समस्या हो रही है। करीब दो महीने से नया टेंडर देने की प्रक्रिया रुकी हुई है। नप ने टेंडर की तकनीकी बिड तो खोल दी है, लेकिन फाइनेंसियल बिड ना खुलने के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है। नप ने टेंडर की फाइल को शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेजी हुई है। डोर टू डोर कचरा उठान के नए टेंडर पर तीन करोड़ 24 लाख रुपये खर्च होने हैं।
नियमित कचरे का उठान किया जा रहा
शहर से नियमित कचरे का उठान किया जा रहा है। शुक्रवार को कचरा उठान क्यों नहीं किया गया इस बारे में सफाई शाखा से संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा जाएगा।
- अशोक कुमार, ईओ नगर परिषद।