जिला बार एसोसिएशन के प्रधान पद के लिए पिता-पुत्र सहित तीन ने भरे पर्चे

छह माह बाद आखिर जिला बार एसोसिएशन के चुनाव की प्रक्रिया एक बार फिर से शुरु हो गई। छह नवंबर को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को पांच पदों के लिए कुल 13 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। रोचक बात यह है कि प्रधान पद पर पहली बार पिता और पुत्र ने एक दूसरे के खिलाफ नामांकन किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Oct 2020 06:34 AM (IST) Updated:Tue, 27 Oct 2020 06:34 AM (IST)
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान पद के लिए पिता-पुत्र सहित तीन ने भरे पर्चे
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान पद के लिए पिता-पुत्र सहित तीन ने भरे पर्चे

जागरण संवाददाता, कैथल: छह माह बाद आखिर जिला बार एसोसिएशन के चुनाव की प्रक्रिया एक बार फिर से शुरु हो गई। छह नवंबर को होने वाले मतदान के लिए सोमवार को पांच पदों के लिए कुल 13 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। रोचक बात यह है कि प्रधान पद पर पहली बार पिता और पुत्र ने एक दूसरे के खिलाफ नामांकन किया। तीसरे उम्मीदवार के रूप में एडवोकेट अशोक गौतम मैदान में उतरे हैं। चुनाव अधिकारी सीएल उप्पल एडवोकेट, उपचुनाव अधिकारी विजय कुमार शर्मा एडवोकेट और बलवान सिंह जौहर ने बताया कि इस बार प्रधान पद के लिए पूर्व प्रधान अशोक कुमार गौतम, पूर्व प्रधान नफे सिंह बेरवाल और उनके पुत्र विवेक कुमार बेरवाल ने नामांकन भरे हैं। उपप्रधान पद के लिए प्रदीप कुमार धारीवाल, प्रेम कुमार छाबड़ा और वरुण कुमार जागलान ने नामांकन किया। सचिव पद के लिए मनीष राठी, नवीन बिढ़ान और विक्रम सिंह नैन ने नामांकन किया है। सहसचिव पद पर रितेश सिरोही और सुनील कुमार मनचंदा चुनावी दंगल में उतरे हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए हेमराज वधवा तथा संजीव कुमार सैनी ने ताल ठोकी है।

बॉक्स

गौतम और बेरवाल पहले भी रहे प्रधान

अशोक गौतम इससे पहले तीन बार प्रधान पद का चुनाव लड़े हैं, जिनमें से वे एक बार जीते हैं। अप्रैल 2015 में वे 35 वोट से चुनाव हार गए थे। इसके बाद उसी साल दिसंबर में हुए चुनावों में उन्होंने जीत हासिल की थी। वर्ष 2018 के चुनाव में वे मात्र पांच वोट के अंतर से हार गए थे। इसी प्रकार नफे सिंह बेरवाल भी दो बार एसोसिएशन के प्रधान रह चुके हैं। वे वर्ष 2006 में और 2011 में चुनाव जीते थे। इस बार उनके पुत्र विवेक बेरवाल भी चुनावी दंगल में हैं। कैथल बार के इतिहास में यह पहला मौका है जब पिता पुत्र ने प्रधान पद के लिए नामांकन किया हो। विवेक बेरवाल ने इससे पहले बार का चुनाव नहीं लड़ा है।

बॉक्स

आज नाम वापसी

बार एसोसिएशन के वर्तमान प्रधान राजेंद्र सिंह ढुल एडवोकेट ने बताया कि चुनाव हर बार की तरह शांतिपूर्ण व सद्भाव से करवाए जाएंगे। 27 अक्टूबर को नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद छह नवंबर को मतदान होगा। मतदान के बाद मतगणना का काम शुरू होगा और इसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

बॉक्स

हाईकोर्ट ने पहले रद कर दिया था चुनाव

बता दें कि इससे पूर्व जिला बार एसोसिएशन के चुनाव ऑनलाइन एक अक्टूबर को होना निश्चित हुआ था, लेकिन उच्च न्यायालय में इसके विरुद्घ याचिका दायर करने के बाद उच्च न्यायालय ने चुनाव प्रक्रिया रद कर दी थी। वकीलों का कहना था कि कोरोना काल के दौरान चुनाव न करवाए जाएं। यदि करवाए जाएं तो ऑनलाइन की बजाय मत पत्र पर करवाए जाएं। इसके बाद बार कौंसिल ने दोबारा चुनाव कार्यक्रम तय किया है। उन्होंने बताया कि इस बार कैथल में कुल 1010 वकील मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

chat bot
आपका साथी