जिलावासियों ने तिरंगा फहराकर ओलिपिक खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

शुक्रवार से टोक्यो ओलिपिक का आगाज हो गया। पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने भी अपने जोहर दिखाए। इस बार भी ओलिपिक में हरियाणा से सबसे ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। हालांकि 2020 में ओलिपिक होना था लेकिन कोरोना के कारण इसे 2021 में करवाया जा रहा है। ओलंपिक में हरियाणा से 31 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में भाग ले रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 06:26 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 06:26 AM (IST)
जिलावासियों ने तिरंगा फहराकर ओलिपिक खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
जिलावासियों ने तिरंगा फहराकर ओलिपिक खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

जागरण संवाददाता, कैथल : शुक्रवार से टोक्यो ओलिपिक का आगाज हो गया। पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने भी अपने जोहर दिखाए। इस बार भी ओलिपिक में हरियाणा से सबसे ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। हालांकि 2020 में ओलिपिक होना था, लेकिन कोरोना के कारण इसे 2021 में करवाया जा रहा है। ओलंपिक में हरियाणा से 31 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में भाग ले रहे हैं। हरियाणा के ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी मेडल लेकर आएं इसके लिए दैनिक जागरण की तरफ से अभियान चलाया गया। दैनिक जागरण के अभियान से जुड़कर शहर के लोगों और खिलाड़ियों ने तिरंगे फहराकर ओलिपिक में भाग ले रहे खिलाड़ियों के लिए जीत की कामना की।

इसी कड़ी में अंबाला रोड स्थित इंडोर खेल स्टेडियम, पूंडरी इंडोर स्टेडियम, हाबड़ी हाकी स्टेडियम में खिलाड़ियों ने तिरंगे के साथ सेल्फी ली। इंडोर खेल स्टेडियम में बनाए गए ओलिपिक सेल्फी प्वाइंट पर भी खिलाड़ियों ने सेल्फी लेकर हरियाणा के खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। जीत के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिस पर खेल प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने अपने हस्ताक्षर किए हैं। शहर के लोगों ने अपने घरों और कार्यालयों पर तिरंगे फहराए। इनके अलावा राजनीतिक दल के नेताओं ने भी दैनिक जागरण के अभियान से जुड़कर अपने घरों में तिरंगे फहराए।

जीवन रक्षक दल ने लोगों को बांटे तिरंगे

जीवन रक्षक दल की तरफ से जागरण अभियान के साथ जुड़कर ओलिपिक में खिलाड़ियों की जीत की कामना को लेकर पार्क रोड स्थित शहीद स्मारक पर तिरंगा फहराया। उसके बाद दल के सदस्यों ने वाहन चालकों को तिरंगे बांटे। वाहन चालकों को कहा कि वे भी खिलाड़ियों की जीत को लेकर कामना करें। दल के सदस्यों ने कहा कि दैनिक जागरण की तरफ से चलाया गया अभियान सराहनीय है। इस दौरान शहीद स्मारक पर महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती भी मनाई गई। संस्था के सदस्यों ने पुष्प अर्पित कर चंद्रशेखर आजाद को नमन किया। राजू डोहर ने कहा कि युवाओं को आजाद चंद्रशेखर के द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलना चाहिए। महापुरुष और क्रांतिकारी वीर किसी जाति व समाज विशेष के नहीं होते। उनके द्वारा किए गए सभी काम राष्ट्रहित में होते हैं, वो सिर्फ और सिर्फ भारत माता के सपूत हैं। हमें गर्व है कि हम इन सपूतों को नमन कर इनके दिखाए गए रास्ते पर चलने के लिए संकल्प ले रहे हैं।

स्कूलों में फहराया तिरंगा

दैनिक जागरण के अभियान से जुड़कर स्कूलों में भी तिरंगे फहराए गए। सरकारी स्कूल और प्राइवेट स्कूलों के बच्चों ने दैनिक जागरण के अभियान में भाग लिया। स्कूलों में बच्चों ने तिरंगे के साथ फोटो लेकर ओलिपिक में भाग ले रहे खिलाड़ियों की जीत को लेकर कामना की। इनके अलावा सरकारी विभागों के अधिकारियों ने भी जागरण के अभियान से जुड़कर अपने कार्यालयों में तिरंगे फहराए। डीसी प्रदीप दहिया, एसपी लोकेंद्र सिंह और जिला खेल अधिकारी सतविद्र गिल ने भी दैनिक जागरण के अभियान से जुड़कर तिरंगे के साथ सेल्फी ली।

खिलाड़ियों की जीत की कामना को लेकर मंदिरों में करवाए हवन

ओलिपिक में भाग ले रहे खिलाड़ियों की जीत की कामना को लेकर हनुमान वाटिका और शिव शक्ति धाम मंदिर में हवन करवाया गया। वाटिका के मुख्य पुजारी विशाल शर्मा ने बताया कि दैनिक जागरण का अभियान सराहनीय है। मंदिर में भी हवन करके खिलाड़ियों की जीत की कामना की गई है। हरियाणा में कोई भी अच्छा कार्य करने से पहले हवन किया जाता है ताकि उन्हें सफलता मिल सके। उन्हें उम्मीद है कि हरियाणा के खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा मेडल हासिल कर देश का नाम रोशन करने का काम करेंगे।

chat bot
आपका साथी