पाला जमने से अधिकतम तापमान में आई गिरावट, बढ़ी ठिठुरन

तीन दिन से लगातार तापमान में भारी गिरावट आ रही है। सुबह और शाम के समय ठंड ने लोगों की परेशान कर दिया है। धुंध के साथ-साथ कई जगह पाला पड़ने से ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 06:05 AM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 06:05 AM (IST)
पाला जमने  से अधिकतम तापमान  में आई गिरावट, बढ़ी ठिठुरन
पाला जमने से अधिकतम तापमान में आई गिरावट, बढ़ी ठिठुरन

जागरण संवाददाता, कैथल: तीन दिन से लगातार तापमान में भारी गिरावट आ रही है। सुबह और शाम के समय ठंड ने लोगों की परेशान कर दिया है। धुंध के साथ-साथ कई जगह पाला पड़ने से ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। धुंध से सुबह के समय यातायात प्रभावित हो रहा है। वाहन चालक वाहनों की लाइट जलाकर चलते दिखाई दे रहे हैं।

कृषि विज्ञान केंद्र के विज्ञानी डा.रमेश वर्मा ने बताया कि तापमान में भारी गिरावट आई है। शनिवार को दिन का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस से घटकर 10.7 पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 4. 4 डिग्री रहा। इस मौसम का सबसे ज्यादा फायदा गेहूं की फसल को हो रहा है। पाला पड़ने से सब्जियों की फसल प्रभावित हो रही है, तीन दिनों से सुबह व शाम के समय पड़ रही ठंड से लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को पूरा दिन धुंध छाई रही। सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए।

पेड़ -पौधों व घास पर जम रहा पाला

कड़ाके की सर्दी के कारण सुबह पेड़-पौधे, घास एवं फसलों पर पाला जमा दिखाई दिया। सुबह खेतों में जगह-जगह बर्फ के जैसे सफेद परत छाई रही। ठंड एवं पाला पड़ने से सरसों एवं सब्जी की फसलों में नुकसान की संभावना बनी हुई है। सर्दी से ठिठुरन हो रही है। पिछले तीन दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिन चर्या बदल दी है। सुबह से शाम तक बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है। कड़ाके की ठंड व जमी ओस की बूंदें अब सरसों की फसल के लिए किसानों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। किसानों ने बताया कि सर्द हवाओं से रात को सिचाई करना कठिन हो रहा है, वहीं आग जलाकर सिचाई करनी पड़ रही है। सर्दी बढ़ने से सुबह शाम सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रहती है।

chat bot
आपका साथी