रिहायशी इलाके में पशु डेयरी चलाने पर नप ने चार संचालकों को जारी किए नोटिस

नगर परिषद की तरफ से रिहायशी इलाके में पशु डेयरी चलाने पर चार डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। चारों डेयरी शहर की ऋषिनगर कालोनी में चलाई जा रही हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 06:03 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 06:03 AM (IST)
रिहायशी इलाके में पशु डेयरी चलाने पर नप  ने चार संचालकों को जारी किए नोटिस
रिहायशी इलाके में पशु डेयरी चलाने पर नप ने चार संचालकों को जारी किए नोटिस

जागरण संवाददाता, कैथल : नगर परिषद की तरफ से रिहायशी इलाके में पशु डेयरी चलाने पर चार डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। चारों डेयरी शहर की ऋषिनगर कालोनी में चलाई जा रही हैं। नप के पास कुछ दिन पहले ही इनकी शिकायत आई थी। सफाई निरीक्षक प्रदीप कुमार की तरफ से कार्रवाई की गई है। नोटिस का जवाब ना देने पर डेयरी संचालकों को जुर्माना लगाया जाएगा। 500 से पांच हजार रुपये तक का जुर्माना किया जा सकता है। सरकार के निर्देशानुसार पशु डेयरियों को रिहायशी कालोनियों से हटवाना है। इस बारे में करीब आठ महीने पहले शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से नगर परिषद को पत्र भी भेजा गया था। शहर में जो भी पशु डेयरी चल रही हैं वे बिना अनुमति के ही चल रही हैं। नियम के अनुसार शहर से बाहर डेयरी खोली जा सकती है, जिससे लोगों को परेशानी ना हो।

शहर में हैं 200 पशु डेयरियां

शहर की विभिन्न कालोनियों में करीब 200 पशु डेयरियां बनी हुई हैं। ये डेयरियां अमरगढ़ गामड़ी, प्रताप गेट, चंदाना गेट, पाडला रोड, शक्ति नगर, ऋषिनगर, वाल्मीकि चौक, डोगरा गेट, अंबेडकर चौक, सुभाष नगर में बनी हुई हैं। पशु डेयरियों के कारण मुख्य समस्या सीवरेज और नालियां बंद होने की होती है। पशुओं का गोबर गलियों में बह कर सीवरेज में चला जाता है। कुछ ही दिनों बाद सीवरेज ब्लाक हो जाते हैं, जिस कारण सीवरेज का गंदा पानी गलियों में जमा हो जाता है। नालियों में गोबर जमा होने से पानी की निकासी रुक जाती है। बरसात के मौसम में सबसे ज्यादा जलभराव जहां पशु डेयरी बनी होती हैं वहीं होता है।

जुर्माना किया जाएगा

नगर परिषद के सफाई निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि ऋषिनगर में चार पशु डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस का जवाब न देने पर जुर्माना किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी