हरियाणा राज्य विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक ने किया चीका अनाज मंडी का निरीक्षण

मार्केटिग बोर्ड हरियाणा के मुख्य प्रशासक (सीए) विनय सिंह ने बुधवार को चीका मंडी का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 07:37 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 07:37 AM (IST)
हरियाणा राज्य विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक ने किया चीका अनाज मंडी का निरीक्षण
हरियाणा राज्य विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक ने किया चीका अनाज मंडी का निरीक्षण

संवाद सहयोगी, गुहला-चीका : मार्केटिग बोर्ड हरियाणा के मुख्य प्रशासक (सीए) विनय सिंह ने बुधवार को चीका अनाज मंडी का निरीक्षण किया। पिछले कुछ दिनों से मंडी में खरीद व गेट पास के मामलों में शिकायत भी मिल रही थी। निरीक्षण के दौरान सीए ने मार्केट कमेटी का रिकार्ड भी खंगाला। इस दौरान सूचना मिलने पर किसान भी यहां पहुंचे। किसानों ने सीजन के दौरान आ रही परेशानियों के बारे में अधिकारी को अवगत करवाया। किसानों ने सरोवर गोदामों में पीडीएस चावल के मुद्दे पर भी बात उठाई। इस पर उन्होंने कहा कि वह जिन शहरों में या जिन शहरों के गोदामों में पीडीएस चावल का अंदेशा है, उन पर छापामारी कर इसकी फिजिकल वेरिफिकेशन करवाएंगे।यदि कोई ऐसी अनियमितता पाई जाती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

वहीं भारतीय किसान यूनियन चमकौर सिंह व हरदीप सिंह के नेतृत्व में किसानों ने भी मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या रखी। किसान हरदीप बदसूई, चमकौर सिंह, गुरमीत सिंह, कुलविद्र, सुभाष पूनिया ने कहा कि सीमावर्ती किसान पंजीकरण न होने की वजह से अपना धान बेचने से वंचित हैं। किसान 30 वर्षों से अपनी फसल चीका अनाज मंडी में बेच रहे हैं। बेशक उनकी जमीनें पंजाब राज्य में है ,लेकिन उनका पंजीकरण होना जरूरी कर दिया है। उन्होंने कहा कि जब वे हर तरह का लेनदेन चीका अनाज मंडी से कर रहे है तो उनकी फसल भी चीका में बिकनी चाहिए। सीए ने कहा कि किसानों की जो भी समस्याएं है उन्हें सरकार के समक्ष रखा जाएगा और उसके बाद ही समस्याओं का हल होने बारे कुछ कहा जा सकता है।

किसानों ने मांगों को लेकर जताया रोष

किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय पर सरकार के खिलाफ रोष जताया। कहा कि किसान पोर्टल को लेकर मारा-मारा फिर रहा है, लेकिन सरकार ने किसानों को पंजीकरण के नाम पर उनका मजाक बनाकर उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए परेशान किया हुआ है। मार्केटिग बोर्ड के सीए विनय सिंह ने बताया कि किसानों को पंजीकरण के मामले में या अपनी धान बेचने में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।

chat bot
आपका साथी